सिपाही ने महिला मित्र से रचाई शादी, खर्चा बंद होने पर पहली पत्नी ने दर्ज कराई एफआईआर

Gorakhpur Constable Case

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में तैनात यूपी पुलिस के एक सिपाही का संवेदनहीन चेहरा सामने आया है। सिपाही पर पहली पत्नी के जीवित रहते और बिना कानूनी तलाक लिए किसी अन्य महिला के साथ रहने व दूसरी शादी रचाने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं, दूसरी महिला के संपर्क में आने के बाद सिपाही ने अपने पहली पत्नी और मासूम बच्चों का भरण-पोषण करना पूरी तरह बंद कर दिया है, जिससे परिवार के सामने जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

फीस न भरने से छूटी मासूमों की पढ़ाई

गाजीपुर जिले की रहने वाली पीड़ित महिला की शादी वर्ष 2010 में हुई थी। उनके पति वर्ष 2005-06 बैच के सिपाही हैं और वर्तमान में गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र में डायल 112 में कार्यरत हैं। पीड़िता का आरोप है कि पति द्वारा आर्थिक मदद रोक दिए जाने के कारण 14 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटे की स्कूल फीस जमा नहीं हो पाई, जिसके चलते दोनों बच्चों की पढ़ाई बीच में ही छूट गई। अब स्थिति यह है कि परिवार के सामने खाने-पीने तक के लाले पड़े हुए हैं।

फोन पर दूसरी महिला देती थी धमकी

पीड़िता के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों से उनके मोबाइल पर एक अज्ञात महिला का फोन आ रहा था, जो खुद को सिपाही की दूसरी पत्नी बताती थी। जांच-पड़ताल करने पर पता चला कि सिपाही बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के उस महिला के साथ गोरखपुर में ही रह रहा है। विरोध करने या घर का खर्च मांगने पर सिपाही अपनी पहली पत्नी के साथ मारपीट और अभद्रता करता था और अब उसने घर आना व फोन उठाना भी पूरी तरह बंद कर दिया है।

इसे भी पढ़ें: अपने आप पर हंस रहा है, जनार्दन

एसएसपी के निर्देश पर महिला थाने में FIR दर्ज

पति के उत्पीड़न और बच्चों के अंधकारमय भविष्य से परेशान होकर पीड़िता ने गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। पीड़िता ने मांग की है कि पति को परिवार की जिम्मेदारी उठाने का निर्देश दिया जाए और दूसरी महिला के हस्तक्षेप से उनके घर को बचाया जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने शनिवार रात सिपाही के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर विभागीय व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें: देश में शिक्षा का हाल, आंकड़ों से समझें भारतीय स्कूली व्यवस्था की हकीकत

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...