प्रभा इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक को जिंदा जलाने की थी साजिश, चलती कार से कूदकर बचाई जान
Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती में इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी राजीव पांडेय के अपहरण और उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने कारोबारी को असलहे के दम पर अगवा किया और करीब चार घंटे तक बंधक बनाकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल राजीव ने बदमाशों की चंगुल से निकलने के लिए चलती कार से छलांग लगा दी। उनकी इस सूझबूझ और हिम्मत ने जान बचा ली।
असलहे के दम पर किया अपहरण
राजीव पांडेय बस्ती के भैसहिया थाना कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं। कंपनी बाग स्थित प्रभा इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से उनकी कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स की दुकान है। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति ने राजीव से बकाया रुपये देने की बात कही थी। गुरुवार को कुछ रकम देने के बाद उसने शाम करीब 6:30 बजे बाकी पैसे देने के बहाने जिला जज न्यायालय के पहले गेट के पास पकौड़ी चौराहे पर बुलाया।
राजीव जब वहां पहुंचे तो उन्हें रुपये गिनने के बहाने कार में बैठाया गया। कार में पहले से चालक समेत पांच लोग मौजूद थे। कारोबारी के बैठते ही बदमाशों ने उन्हें असलहे के बल पर अपने कब्जे में ले लिया और अगवा कर लिया।
पहचान मिटाने के इरादे से सिर और चेहरे पर किए वार
अपहरण के बाद बदमाश राजीव को नगर और कलवारी रोड की ओर ले गए। रास्ते में अकसड़ा टोल प्लाजा पार करने के दौरान भी उनके साथ मारपीट जारी रही। बदमाशों ने असलहे की बट से सिर और चेहरे पर कई वार किए। बताया जा रहा है कि हमलावर कारोबारी का चेहरा इस कदर बिगाड़ना चाहते थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाए।
इसके बाद कार को कलवारी रोड से मोड़कर रुधौली-बांसी मार्ग की ओर ले जाया गया। मारपीट के दौरान पिस्टल की मैगजीन कार में गिर गई, जिसे राजीव ने चुपके से अपने मोजे में छिपा लिया।
पेट्रोल से कार जलाने की थी योजना
रात करीब 10 बजे रुधौली थाना क्षेत्र में एक स्थान पर चार बदमाश कार से उतर गए। गाड़ी में करीब पांच लीटर पेट्रोल रखा था। बदमाशों की योजना चालक के जरिए कार को किसी सुनसान जगह पर ले जाकर पेट्रोल डालकर आग लगाने की थी। गंभीर पिटाई के कारण राजीव बेहोशी जैसी हालत में थे, लेकिन वह होश में थे और खुद को बेहोश दिखा रहे थे।
स्पीड ब्रेकर पर धीमी हुई कार, कारोबारी ने लगा दी छलांग
कार चालक राजीव को लेकर आगे बढ़ता रहा। रुधौली थाना क्षेत्र के कोहरा चौराहे पर स्पीड ब्रेकर के पास गाड़ी की रफ्तार धीमी हुई। इसी मौके का फायदा उठाकर राजीव ने अचानक कार का दरवाजा खोला और चलती गाड़ी से छलांग लगा दी।
उन्हें सड़क पर गिरा देखकर चौराहे पर मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े। चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की डायल 112 सेवा और कारोबारी के परिजनों को सूचना दी।
इसे भी पढ़ें: प्रयागराज के तीन खिलाड़ियों का यूपी खो-खो टीम में चयन
फोन, सोने के जेवर और पर्स लूटे
बदमाश राजीव का मोबाइल फोन, सोने का कड़ा, अंगूठी, चेन, पर्स और अन्य सामान भी लूट ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कारोबारी को सीएचसी रुधौली पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में परिजनों ने शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। राजीव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें हैं। अस्पताल में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी ओमवीर सिंह, सीओ और रुधौली व कोतवाली समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक नामजद आरोपी समेत पांच बदमाशों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, स्वाट, सर्विलांस, कोतवाली और अन्य पुलिस टीमों को लगाया गया है। एसपी ओमवीर सिंह ने जल्द ही अपहर्ताओं को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
इसे भी पढ़ें: शिया अस्मिता संहार की सुन्नी दृष्टि
