लखनऊ में पर्यावरण संरक्षण पर मंथन, विकास के साथ प्रकृति का संतुलन बनाए रखने पर जोर
Lucknow News: लखनऊ में प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण को लेकर आयोजित एक विशेष कॉन्क्लेव में विशेषज्ञों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने विकास के साथ प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने की जरूरत पर जोर दिया। कार्यक्रम में जलवायु परिवर्तन, जल संरक्षण, जैव विविधता, वन्यजीव सुरक्षा और सतत विकास जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी जिम्मेदारी न मानकर जनभागीदारी से जुड़ा अभियान बनाने की अपील की।
पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी : जयवीर सिंह
उत्तर प्रदेश सरकार और यूपीसीडा के सहयोग से नेट ग्रीन फाउंडेशन की ओर से लखनऊ के एक होटल में नेचर टू फ्यूचर एनवायरनमेंटल कॉन्क्लेव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि विकास और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। प्रकृति मानव जीवन का आधार होने के साथ आने वाली पीढ़ियों की विरासत भी है, इसलिए इसे सुरक्षित रखना सभी का साझा दायित्व है।
मंत्री ने कहा कि विकास की दौड़ में पर्यावरण और संस्कृति की अनदेखी नहीं की जा सकती। प्राकृतिक संसाधनों के साथ अनावश्यक छेड़छाड़ भविष्य में गंभीर संकट पैदा कर सकती है। उन्होंने प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने और भावी पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने की दिशा में जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने पर जोर
जयवीर सिंह ने प्रदेश में ईको-टूरिज्म की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश प्राकृतिक सौंदर्य, वन्यजीवों और समृद्ध जैव विविधता के लिहाज से काफी संभावनाएं रखता है। ईको-टूरिज्म बोर्ड के गठन के जरिए प्रकृति आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों का विस्तार पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाए बिना होना चाहिए।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने जल संरक्षण, पौधरोपण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को व्यापक जनअभियान बनाने की आवश्यकता बताई। उनके मुताबिक, प्रकृति की रक्षा के लिए हर नागरिक को अपने स्तर पर योगदान देना चाहिए।

पर्यावरणीय चुनौतियों पर साझा संवाद
कॉन्क्लेव में आईएमआरटी बिजनेस स्कूल के चेयरमैन देश राज बंसल, NACOF India Limited के निदेशक अशोक सिंह और यूपी पर्यटन विभाग के ईको-टूरिज्म निदेशक पुष्प C. (IFS) समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आईएएस अधिकारी हीरा लाल ने संवाद के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण असंतुलन से निपटने के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
दिल्ली में प्रदूषण की गंभीर स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने पर्यावरण अनुकूल आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल नीतियों और योजनाओं तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों के व्यवहार का हिस्सा बने।
तीन पैनल सत्रों में उठे पर्यावरण से जुड़े मुद्दे
कॉन्क्लेव में तीन अलग-अलग सत्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के विविध पहलुओं पर चर्चा की गई।
पहला सत्र : जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी
इस सत्र में डॉ. कीर्ति विक्रम, डॉ. विनोद प्रसाद जुगलान, चंद्र भूषण तिवारी, डॉ. जितेंद्र शुक्ला और कपिल कुमार ने भाग लिया। चर्चा के दौरान वृक्षों और वन्यजीवों की सुरक्षा, स्वच्छता तथा पर्यावरणीय जागरूकता को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया गया।
दूसरा सत्र : जलवायु परिवर्तन और सतत विकास
प्रो. डॉ. भारत राज सिंह, डॉ. मैरा सिंह और डॉ. संजीविनी शर्मा ने जलवायु परिवर्तन के प्रभावों, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली पर विचार रखे। विशेषज्ञों ने कहा कि टिकाऊ विकास के लिए वैज्ञानिक शोध के साथ सामाजिक स्तर पर भी प्रयास जरूरी हैं।
तीसरा सत्र : जल संरक्षण और सामाजिक सहभागिता
डॉ. सौम्या मिश्रा, डॉ. ओम सिंह, आरजे प्रतीक और नंद किशोर वर्मा ने जल स्रोतों की सुरक्षा, नदियों की स्वच्छता, पौधरोपण और सामुदायिक जिम्मेदारी पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि आम लोगों की सक्रिय भागीदारी पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मजबूत बना सकती है।
इसे भी पढ़ें: इस्लाम 2035 तक बन सकता है दुनिया सबसे बड़ा धर्म
नेट ग्रीन फाउंडेशन ने साझा प्रयासों का दिया संदेश
कार्यक्रम की अध्यक्षता नेट ग्रीन फाउंडेशन एवं देवतारा फाउंडेशन की ग्रुप डायरेक्टर और सीईओ सुरभि गुप्ता तथा निदेशक एवं एडिटर-इन-चीफ उमेश कुमार शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि ‘नेचर टू फ्यूचर’ का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को जनभागीदारी से जोड़ना है। इसके जरिए सरकारी विभागों, विशेषज्ञों, उद्योग जगत, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को केवल विचार-विमर्श तक सीमित रखने के बजाय दैनिक व्यवहार, सरकारी नीतियों और विकास योजनाओं में शामिल करने की जरूरत बताई गई। जल संरक्षण, वृक्षारोपण, जैव विविधता, स्वच्छता और जिम्मेदार पर्यटन जैसे विषयों पर सामूहिक प्रयास बढ़ाने का संकल्प लिया गया। इस आयोजन को नेट ग्रीन फाउंडेशन, देवतारा फाउंडेशन और वर्मिलियन कम्युनिकेशन के संयुक्त प्रयासों से सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
इसे भी पढ़ें: कुंडा में 33 साल से राजा भैया का राज, क्या आठवीं बार जीत पाएंगे चुनाव?
