दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर पर चलेगा बुलडोजर, कोर्ट जाने का मौका नहीं देने का आरोप
Dawood Ibrahim Ancestral House: मुंबई के भिंडी बाजार स्थित हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना को बीएमसी गिराने जा रही है। इस इमारत में कभी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का पुश्तैनी घर और कार्यालय हुआ करता था। बीएमसी के सी वार्ड कार्यालय ने 16 नवंबर 2026 को नोटिस जारी कर 18 और 19 नवंबर को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने की जानकारी दी है। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहेगा। हालांकि, इमारत को गिराने के फैसले पर स्थानीय लोगों और ट्रस्ट से जुड़े पक्षों ने आपत्ति जताई है। उनका दावा है कि वक्फ ट्रिब्यूनल ने ध्वस्तीकरण पर रोक लगा रखी है।
24 घंटे के नोटिस पर उठे सवाल
इमारत को बचाने की कोशिश कर रहे स्थानीय लोगों और ट्रस्ट से जुड़े लोगों का आरोप है कि बीएमसी ने उन्हें केवल 24 घंटे का समय दिया है। उनका कहना है कि ऐसी कार्रवाई से पहले आमतौर पर 15 दिन का समय दिया जाता है, लेकिन इस मामले में जल्दबाजी दिखाई जा रही है। उनका दावा है कि इतने कम समय में न्यायालय का दरवाजा खटखटाना भी मुश्किल हो गया है।
यह इमारत पाकमोडिया स्ट्रीट और सेकंड कूपर स्ट्रीट पर स्थित है और सिटी सर्वे नंबर 4315 के अंतर्गत आती है। बीएमसी ने इसे सी-1 श्रेणी की बेहद खतरनाक इमारत घोषित किया है।
बॉम्बे हाईकोर्ट के 2020 के आदेश का दिया हवाला
बीएमसी के नोटिस के मुताबिक, इस इमारत को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट ने 31 अगस्त 2020 को आदेश पारित किया था। इसके बाद नगर निगम ने इमारत खाली कराने और ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की थी।
हाल ही में किए गए निरीक्षण में बीएमसी अधिकारियों ने पाया कि इमारत लगभग खाली हो चुकी है। फिलहाल ग्राउंड फ्लोर पर स्थित प्रार्थना हॉल का इस्तेमाल किया जा रहा है। नगर निगम का कहना है कि इमारत की जर्जर हालत के कारण वहां आने वाले लोगों और आसपास से गुजरने वाले राहगीरों की सुरक्षा को खतरा है।
सड़क चौड़ीकरण परियोजना में भी बाधा बन रही इमारत
बीएमसी ने ध्वस्तीकरण के पीछे सुरक्षा के अलावा सड़क चौड़ीकरण की योजना का भी हवाला दिया है। अधिकारियों के अनुसार, सेकंड कूपर स्ट्रीट के प्रस्तावित सड़क निर्माण और चौड़ीकरण के अलाइनमेंट में इमारत का कुछ हिस्सा आ रहा है। ऐसे में सड़क परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए भी इसे हटाना जरूरी बताया गया है।

प्रार्थना हॉल के लिए ट्रस्ट ने दिए दो विकल्प
बीएमसी के नोटिस में बताया गया है कि सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (SBUT) ने प्रार्थना हॉल का इस्तेमाल करने वाले लोगों को धार्मिक गतिविधियां जारी रखने के लिए दो विकल्प दिए हैं।
पहले विकल्प के तहत सेक्टर-4 स्थित अन नसर टावर के यूनिट एफ-67, एफ-68 और एस-68 में अस्थायी प्रार्थना स्थल उपलब्ध कराने की बात कही गई है। दूसरे विकल्प में किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर प्रार्थना स्थल किराये पर लेने के लिए आर्थिक मुआवजा देने का प्रस्ताव शामिल है।
नगर निगम ने प्रार्थना हॉल का इस्तेमाल करने वालों से कुरान शरीफ और अन्य धार्मिक वस्तुओं को सम्मानपूर्वक सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा पूरी इमारत खाली करने को कहा है।
इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी ने माता-पिता के रिश्ते पर हुई आलोचना के बाद शेयर की शिव-पार्वती की तस्वीर
कांग्रेस विधायक ने कानून-व्यवस्था पर जताई चिंता
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, कानून-व्यवस्था के लिए मुंबई नगर निगम जिम्मेदार होगा।
वहीं, मस्जिद के इमाम ने बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की अपील की है। उन्होंने कहा, हम बस इतना चाहते हैं कि उस तरफ से चार लोग और इस तरफ से चार लोग एक साथ बैठें और बातचीत करके कोई समाधान निकालें। बीच में क्या निर्माण या व्यवस्था की जा सकती है और कहां जगह दी जा सकती है, इस पर बात हो।
बीएमसी ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि 18 और 19 नवंबर को पुलिस बंदोबस्त के बीच ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। अब इस मामले में प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच सहमति बनती है या कार्रवाई तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ती है, इस पर नजर रहेगी।
इसे भी पढ़ें: मानव से आगे नहीं जा सकता एआई
