गोरखपुर शहर सीट पर लंबे समय से BJP का दबदबा, अखिलेश के रोड शो से सियासी हलचल तेज
Gorakhpur Assembly Seat: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को करीब 20 किलोमीटर लंबे रोड शो के जरिए अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। PDA रथ पर सवार अखिलेश का रास्ते भर जगह-जगह स्वागत किया गया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने 2027 में सत्ता परिवर्तन के नारे लगाए। विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही इस रोड शो को गोरखपुर में सपा की राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने और चुनावी माहौल बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
गोरखपुर शहर विधानसभा सीट लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ रही है। 1989 से यहां भाजपा का प्रभाव लगातार बढ़ा और पार्टी ने इस सीट पर कई बार जीत दर्ज की। हालांकि, 2002 में भाजपा को अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा। उस चुनाव में डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने अखिल भारत हिंदू महासभा के टिकट पर जीत दर्ज कर भाजपा के लगातार चार चुनाव जीतने के सिलसिले को तोड़ दिया था। इसके बाद भाजपा ने दोबारा सीट पर अपना कब्जा जमाया और अब तक यहां आठ बार जीत दर्ज कर चुकी है।
कांग्रेस से शुरू हुआ गोरखपुर का चुनावी इतिहास
गोरखपुर विधानसभा सीट का शुरुआती चुनावी रिकॉर्ड 1951 से मिलता है, जब यह गोरखपुर सेंट्रल के नाम से जानी जाती थी। पहले चुनाव में कांग्रेस के इस्तफा हुसैन विधायक बने और 1957 में भी उन्होंने जीत हासिल की। 1962 में कांग्रेस के नियामतुल्लाह अंसारी ने सीट पर कब्जा किया। लेकिन 1967 में भारतीय जनसंघ के यू. प्रताप की जीत से कांग्रेस के वर्चस्व को चुनौती मिली। 1969 में कांग्रेस के रामलाल भाई ने फिर जीत हासिल कर पार्टी की वापसी कराई।
जनसंघ से भाजपा तक मजबूत होता गया सियासी आधार
1974 में भारतीय जनसंघ के अवधेश कुमार ने गोरखपुर सीट से जीत हासिल की। 1977 में जनता पार्टी के टिकट पर अवधेश कुमार श्रीवास्तव विधायक चुने गए। इसके बाद 1980 और 1985 में कांग्रेस के सुनील शास्त्री ने लगातार दो चुनाव जीतकर सीट पर पार्टी की पकड़ मजबूत की।
1989 में भाजपा के शिव प्रताप शुक्ल ने पहली बार गोरखपुर सीट पर जीत दर्ज की। इसके बाद 1991, 1993 और 1996 में भी वह लगातार विधायक बने रहे। इस तरह भाजपा ने लगातार चार चुनाव जीतकर गोरखपुर में अपनी मजबूत राजनीतिक जमीन तैयार की।
2002 में भाजपा को मिली हार
2002 का विधानसभा चुनाव गोरखपुर के सियासी इतिहास में अहम रहा। भाजपा ने शिव प्रताप शुक्ल को मैदान में उतारा, जबकि डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल अखिल भारत हिंदू महासभा के टिकट पर चुनाव लड़े। अग्रवाल ने 38,830 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। सपा के प्रमोद कुमार टेकरीवाल 20,382 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि भाजपा के शिव प्रताप शुक्ल 14,509 वोट पाकर तीसरे नंबर पर चले गए।
2007 में राधा मोहन दास अग्रवाल भाजपा में शामिल होकर पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े और फिर जीत हासिल की। 2012 और 2017 में भी उन्होंने लगातार जीत का सिलसिला जारी रखा। इस तरह 2002 से 2017 तक वह चार बार विधायक चुने गए। इनमें पहली जीत हिंदू महासभा और बाद की तीन जीत भाजपा के टिकट पर मिलीं।
2022 में योगी आदित्यनाथ ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा
2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने गोरखपुर शहर सीट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उम्मीदवार बनाया। योगी ने अपने पहले विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी शुभावती उपेंद्र दत्त शुक्ला को बड़े अंतर से हराया। उन्हें 1,65,499 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी को 62,109 वोट हासिल हुए। योगी ने कुल 1,03,390 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर भाजपा का कब्जा बरकरार रखा।
इसे भी पढ़ें: लखनऊ में पर्यावरण संरक्षण पर मंथन
परिसीमन के बाद बदला सीट का नाम और नंबर
गोरखपुर विधानसभा सीट के चुनावी रिकॉर्ड में समय के साथ नाम और क्षेत्र संख्या में बदलाव भी हुए। 1951 में यह गोरखपुर सेंट्रल के नाम से क्षेत्र संख्या 301 थी। 1957 में इसका नाम गोरखपुर हुआ और नंबर 245 दर्ज किया गया। 1962 में क्षेत्र संख्या 195, 1967 और 1969 में 190 तथा 1974 से 1996 तक 185 रहा। 2002 और 2007 के चुनाव में इसे क्षेत्र संख्या 169 के रूप में दर्ज किया गया।
2008 के परिसीमन के बाद गोरखपुर जिले की विधानसभा सीटों का पुनर्गठन हुआ। गोरखपुर अर्बन यानी गोरखपुर शहर को विधानसभा क्षेत्र संख्या 322 और गोरखपुर रूरल यानी गोरखपुर ग्रामीण को 323 नंबर मिला। गोरखपुर शहर सीट की सीमा में नगर निगम के निर्धारित वार्ड शामिल किए गए। नए परिसीमन के तहत 2012 में पहली बार विधानसभा चुनाव कराया गया।
इसे भी पढ़ें: कुंडा में 33 साल से राजा भैया का राज, क्या आठवीं बार जीत पाएंगे चुनाव?
