राहुल गांधी ने BJP-RSS को घेरा, भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं की समझ पर उठाए सवाल
नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दोनों संगठनों को असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी बताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें भारत की आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की समझ नहीं है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर भगवान शिव और माता पार्वती के अर्धनारीश्वर स्वरूप की तस्वीर साझा करते हुए प्रेम, समानता और आध्यात्मिकता का संदेश भी दिया।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को जितना गहराई से समझते हैं, उतना ही उनके विचार स्पष्ट होते जाते हैं। उन्होंने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन संगठनों के लोगों में भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं की समझ नहीं है।
इस पोस्ट के साथ राहुल गांधी ने अर्धनारीश्वर की मूर्ति की तस्वीर साझा की। अर्धनारीश्वर भगवान शिव और माता पार्वती का संयुक्त स्वरूप है, जिसमें आधा भाग पुरुष और आधा भाग स्त्री का प्रतीक है। इस स्वरूप को स्त्री-पुरुष समानता और शक्ति के संतुलन से जोड़कर देखा जाता है।
राहुल गांधी का यह बयान उनकी मां सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक Belonging: A Journey Of Love के लॉन्च कार्यक्रम में माता-पिता के रिश्ते को लेकर दिए गए वक्तव्य पर विवाद के कुछ दिन बाद आया है। कार्यक्रम में राहुल ने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए बताया था कि उनके माता-पिता साथ बैठकर खाना खाते थे और उनकी मां पिता की गोद में बैठती थीं।
राहुल ने कहा था कि बचपन में उन्हें यह सामान्य लगता था, लेकिन जब वह दोस्तों के घर जाते तो उनके माता-पिता इस तरह नहीं बैठते थे। इस पर वह अपने दोस्तों से सवाल करते थे कि उनकी मां पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं। उनके इस बयान को लेकर बीजेपी नेताओं ने आलोचना की थी।
The deeper I go into Indian spiritual and religious traditions, the clearer it becomes.
The BJP and RSS are uncouth, greedy, casteist male chauvinists with absolutely no understanding of our spiritual and religious traditions. pic.twitter.com/CrJxkEXNgI
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 22, 2026
हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल पर कसा तंज
राहुल गांधी के बयान पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी निशाना साधा था। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए तंज कसा कि राहुल गांधी ने अपनी मां के खास दिन पर भी उन्हें असहज होने से नहीं बचाया। सरमा ने राहुल गांधी को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा था कि देश पहले ही उनके बारे में समझ चुका है और यह ऐसा प्रोडक्ट है जिसे लॉन्च या रिलॉन्च करना संभव नहीं है।
बीजेपी नेताओं की आलोचना के बाद कांग्रेस नेता ने पलटवार करते हुए कहा था कि बीजेपी और आरएसएस के समर्थकों के दिलों में डर, गुस्सा और नफरत का जाल है, जो उन्हें प्रेम व्यक्त करने से रोकता है।
इसे भी पढ़ें: निशिकांत दुबे ने मारुति प्रोजेक्ट को लेकर सोनिया गांधी की हिस्सेदारी और सरकारी मदद पर उठाए सवाल
प्रेम और अपनापन का संदेश देने की बात कही
राहुल गांधी ने अर्धनारीश्वर स्वरूप वाली 12वीं शताब्दी की मंदिर मूर्ति का जिक्र करते हुए कहा था कि एक सच्चे हिंदू के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वह लोगों को डर, गुस्से और नफरत के जाल से बाहर निकालें, ताकि वे भी प्रेम, अपनापन और जीवन की सुंदरता को महसूस कर सकें। उन्होंने अपने संदेश के अंत में सत्यम शिवम सुंदरम का उल्लेख किया।
कांग्रेस ने भी राहुल गांधी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने एक जरूरी सामाजिक चर्चा शुरू की है। पार्टी के मुताबिक, प्रेम को छिपाने की जरूरत नहीं है, स्नेह कमजोरी नहीं है और समानता की शुरुआत अपने साथी को बराबरी का दर्जा देने से होती है।
इसे भी पढ़ें: अखिलेश, राहुल गांधी को डुबाएगा आजम खान का सैलाब
