लखनऊ में पेट्रोल टैंक से 16 करोड़ की हेरोइन बरामद, CBN की बड़ी कार्रवाई
Lucknow News: राजधानी में नशे के काले कारोबार के खिलाफ केंद्रीय नार्कोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने ऐसा ऑपरेशन अंजाम दिया, जिसने तस्करों के शातिर तरीके का पर्दाफाश कर दिया। सड़क पर दौड़ रहे एक वाहन के पेट्रोल टैंक के अन्दर छिपी थी करीब 16 करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन।
इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई को केंद्रीय नार्कोटिक्स ब्यूरो नीमच (राजस्थान) के अधीक्षक विजय शंकर कुमार के नेतृत्व में CBN लखनऊ और CBN बाराबंकी की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।
CBN को सूचना मिली थी कि असम के नंबर प्लेट लगी एक वाहन में बड़ी मात्रा में हेरोइन छिपाकर गुवाहाटी से राजस्थान ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू कर दी गई। वाहन के लखनऊ पहुंचते ही अधिकारियों ने योजनाबद्ध तरीके से उसे रोक लिया। इसके बाद शुरू हुई तलाशी में टीम को पेट्रोल टैंक को लेकर कुछ ऐसा संदेह हुआ, जिसने पूरे मामले की दिशा बदल दी।
पेट्रोल टैंक बना था गुप्त लॉकर
जांच में सामने आया कि वाहन के पेट्रोल टैंक को बेहद शातिर तरीके से दो हिस्सों में विभाजित किया गया था। इसी गुप्त हिस्से में हेरोइन छिपाकर रखी गई थी।
मादक पदार्थ तक पहुंचने के लिए अधिकारियों को पेट्रोल टैंक को काटना पड़ा। कई घंटों तक चली मशक्कत के बाद टैंक के भीतर से करोड़ों रुपये की हेरोइन बरामद की गई। CBN के मुताबिक बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 16 करोड़ रुपये है।
चालक हिरासत में, अब खुलेगा पूरा नेटवर्क
वाहन चालक, जो लखनऊ का रहने वाला बताया जा रहा है, को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि खेप कहां से आई, लखनऊ में किसे डिलीवरी होनी थी, राजस्थान में किस तक पहुंचाई जानी थी और इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग हैं।
जानकारी के मुताबिक मादक पदार्थ की डिलीवरी लखनऊ और राजस्थान में होनी थी। ऐसे में जांच का दायरा अब केवल वाहन और चालक तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने पर भी फोकस है।
इसे भी पढ़ें: सिपाही ने महिला मित्र से रचाई शादी, खर्चा बंद होने पर पहली पत्नी ने दर्ज कराई एफआईआर
ऑपरेशन की सफलता पर टीम को बधाई
CBN लखनऊ के आला अधिकारियों ने सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम की सराहना की है। अधिकारियों ने इसे नशामुक्त भारत अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अब असली कहानी यह है कि पेट्रोल टैंक में छिपी 16 करोड़ की इस खेप के पीछे कितने चेहरे हैं और CBN की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, नशे के इस नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट- संदीप पाल
इसे भी पढ़ें: अपने आप पर हंस रहा है, जनार्दन
