कंगना रनौत की फिल्म भारत भाग्य विधाता का मोशन पोस्टर रिलीज, 26/11 के अनसुने सच पर आधारित है कहानी
Bharat Bhagya Vidhaata: बॉलीवुड की क्वीन और मंडी से सांसद कंगना रनौत एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनकी लंबे समय से प्रतीक्षित फिल्म भारत भाग्य विधाता का पहला मोशन पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। इस फिल्म में कंगना एक बेहद गंभीर, निडर और संघर्षशील किरदार में नजर आ रही हैं।
कंगना ने लिखा- कुछ खास करके आम ही कहलाते
रिलीज किए गए मोशन पोस्टर में कंगना के चेहरे पर चोट के निशान और खून की बूंदें साफ देखी जा सकती हैं, जो किसी बड़े संकट और संघर्ष की ओर इशारा कर रही हैं। फिल्म में वह एक नर्स की भूमिका निभा रही हैं, जो खुद को जोखिम में डालकर अपने मरीजों की जान बचाने के लिए हर मुमकिन कोशिश करती है।
कंगना ने सोशल मीडिया पर इस मोशन पोस्टर को एक भावुक कैप्शन के साथ साझा किया है। उन्होंने लिखा, ”कुछ खास करके, आम ही कहलाते। वह दिखते तो हैं, पर नजर नहीं आते। #BharatBhagyaVidhaata #TheUnseenHeroes.”
2008 के 26/11 आतंकी हमले के अनसुने पहलू पर आधारित है फिल्म
यह फिल्म पूरी तरह से सच्ची घटनाओं पर आधारित है। ‘भारत भाग्य विधाता’ साल 2008 में हुए 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमलों के उस भयावह मंजर को बयां करती है, जिसके बारे में आज भी बहुत कम लोग जानते हैं। कहानी उस समय की है, जब आतंकियों ने मुंबई के कामा एंड एल्बलेस अस्पताल पर हमला किया था और वहां के मेडिकल स्टाफ ने अदम्य साहस का परिचय दिया था।
अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों, वार्ड बॉय, सफाईकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर आतंकवादियों के हथियारों के सामने ढाल बनकर खड़े होने का फैसला किया। उन्होंने सूझबूझ से काम लेते हुए पूरे अस्पताल की लाइटें बंद कर दीं और लगभग 400 मरीजों को सुरक्षित वार्डों में छुपाकर उनकी जान बचाई। फिल्म इन्हीं ‘अनसंग हीरोज’ के त्याग और बलिदान को सलाम करती है।
इसे भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा मामले में पूर्व जज गिरिबाला सिंह को सीबीआई ने किया गिरफ्तार
मनोज तापड़िया के निर्देशन में बनी फिल्म
इस फिल्म का लेखन और निर्देशन मनोज तापड़िया ने किया है। पेन स्टूडियोज के सहयोग से बनी इस फिल्म में कंगना के अलावा हिंदी और मराठी सिनेमा के कई दिग्गज कलाकार नजर आएंगे। फिल्म की मुख्य स्टार कास्ट में गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बेर्डे, आशा शेलार, सुहिता थट्टे, रसिका अगाशे, आदित्य मिश्रा और जाहिद खान जैसे नाम शामिल हैं।
12 जून को रिलीज होगी फिल्म, बॉक्स ऑफिस पर होगा कड़ा मुकाबला
12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली ‘भारत भाग्य विधाता’ को बॉक्स ऑफिस पर कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ेगा। इसी दिन इम्तियाज अली की ‘मैं वापस आऊंगा’, मनोज बाजपेयी की ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ और विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म ‘हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट’ भी रिलीज हो रही हैं। फिल्म प्रेमियों के लिए यह दिन कई बड़ी फिल्मों के बीच जबरदस्त टक्कर लेकर आएगा।
इसे भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में बारिश और तेज हवाओं से लुढ़का पारा
