दिल्ली-NCR में बारिश और तेज हवाओं से लुढ़का पारा, आने वाले दिनों में और राहत की उम्मीद
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में बादल छा गए और कई इलाकों में हल्की हवाओं के साथ बूंदाबांदी भी हुई, जिससे पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। गुरुवार को हुई इस बारिश ने राजधानीवासियों को झुलसाने वाली लू से निजात दिलाई।
बारिश के साथ 48 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शाम 7 बजे तक प्रगति मैदान में अधिकतम 48 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। आयानगर में 0.5 मिलीमीटर और प्रगति मैदान में 0.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि आयानगर में कुल वर्षा 6.5 मिलीमीटर तक पहुंच गई। हालांकि, राजधानी के अधिकांश हिस्सों में अभी तक व्यापक या भारी बारिश और तेज हवाओं की गतिविधि नहीं देखी गई है।
VIDEO | Rain lashes Delhi-NCR bringing respite from sweltering heat. Visuals are from Firozshah Road. #Rain #Delhi pic.twitter.com/3p8sYP9BDy
— Press Trust of India (@PTI_News) May 28, 2026
तापमान में 6 से 10 डिग्री की गिरावट, लोगों को मिली राहत
मौसम में इस अचानक बदलाव का असर तापमान पर साफ दिखाई दिया। शाम 7 बजे तक दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में पिछले 24 घंटों के मुकाबले 6 से 10 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे उन लाखों लोगों को राहत महसूस हुई, जो पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू से परेशान थे।
हरियाणा के रेवाड़ी में ओलावृष्टि, पश्चिमी विक्षोभ से मिलेगी और राहत
हरियाणा के रेवाड़ी में ओलावृष्टि की भी खबर है, जो पहले जारी किए गए नाउकास्ट अलर्ट के अनुसार ही हुई। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह के राहत भरे बदलाव के दौर जारी रह सकते हैं, जिससे लू का असर और कम होगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले तीन से चार दिनों में उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में मौसम बदलेगा और बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
#WATCH | Delhi witnesses a sudden change in the weather as rain lashes parts of the national capital.
Visuals from IGI Airport pic.twitter.com/4hhFy02xpK
— ANI (@ANI) May 28, 2026
उत्तर-पश्चिम भारत में हीटवेव में कमी आनी शुरू
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में आज से हीटवेव की तीव्रता में कमी आनी शुरू हो सकती है। हालांकि, राजस्थान, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में अभी भी लू जारी रह सकती है, लेकिन कल से इसमें काफी गिरावट आने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें: मशहूर शायर बशीर बद्र का 91 वर्ष की उम्र में निधन
28 से 31 मई तक आंधी-तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग ने 28 से 31 मई के बीच उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई है। दिल्ली-एनसीआर सहित कई इलाकों में धूल भरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। इससे गर्मी से और राहत मिलने की उम्मीद है।
श्रीगंगानगर 48.2°C के साथ सबसे गर्म, बांदा में 47.8°C पारा
बता दें कि पिछले 24 घंटों में देश के कई हिस्सों में तापमान 46 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। राजस्थान का श्रीगंगानगर 48.2 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि उत्तर प्रदेश के बांदा में 47.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। रोहतक, खजुराहो, नागपुर और वर्धा जैसे शहरों में भी पारा 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। हालांकि, अब इन क्षेत्रों में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें: Tata Motors ने लॉन्च की सबसे सस्ती कार 2026 Tiago Facelift और Tiago EV
