शिवा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा, बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के चर्चित चिकन कारोबारी एवं कैफे संचालक शिवा शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपियों को अदालत से बड़ा झटका लगा है। मामले की सुनवाई करते हुए प्रभारी सीजेएम आलोक वर्मा की अदालत ने मॉडल श्रद्धा शुक्ला (दुबे), उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश (तनवीर अली) की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। कोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि अपराध की प्रकृति बेहद गंभीर है और यह सत्र न्यायालय (सेशंस कोर्ट) द्वारा परीक्षणीय है, इसलिए इस स्टेज पर जमानत का कोई उचित आधार नहीं बनता है।
नागपुर से हुई थी गिरफ्तारी
इससे पहले हजरतगंज पुलिस ने तीनों आरोपियों को नागपुर के बेतलारोड़ी इलाके से एक फ्लैट से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उन्हें हजरतगंज कोतवाली लाई, जहां डीसीपी मध्य अर्पित विजयवर्गीय के सर्विलांस कार्यालय में करीब साढ़े छह घंटे तक उनसे मैराथन पूछताछ की गई। इसके बाद सिविल अस्पताल में उनका मेडिकल परीक्षण कराकर प्रभारी सीजेएम बलवंत भारती की अदालत में पेश किया गया था, जहां से उन्हें 10 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया था।
जिला जेल पहुंचने पर जेल प्रशासन द्वारा तीनों की सघन तलाशी ली गई और मेडिकल परीक्षण कराया गया। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मॉडल श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि को महिला बैरक के क्वारंटीन जोन में अन्य बंदियों से अलग रखा गया है, जबकि ड्राइवर तनवीर अली को पुरुष बैरक में बंद किया गया है।

क्या था पूरा मामला
बीते 9 अक्टूबर की रात बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट के चौथे तल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरकर अलीगंज कपूरथला निवासी चिकन कारोबारी व कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। मृतक की मां रंजना ने मॉडल श्रद्धा दुबे पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि शिवा पिछले एक साल से श्रद्धा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।
इसे भी पढ़ें: चौकी प्रभारी का महिला के साथ आपत्तिजनक ऑडियो वायरल
पीड़ित मां की शिकायत के अनुसार, आरोपी मॉडल शिवा को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देती थी, उसे सिगरेट से जलाती थी और विभिन्न नामचीन लोगों व माफियाओं के जरिए उसे प्रताड़ित करवाती थी। मां की तहरीर पर हजरतगंज कोतवाली में श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस की कई टीमें इनकी तलाश में जुटी थीं।
इसे भी पढ़ें: सऊदी अरब में दो बांग्लादेशी नागरिकों को मौत की सजा बड़ा खुलासा
