लखनऊ में लव जिहाद और धर्मांतरण खेल, इंस्टाग्राम पर राउडी बनकर 3 साल तक किया शारीरिक शोषण
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अमीनाबाद इलाके से जबरन धर्मांतरण और पहचान छिपाकर यौन शोषण करने का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक मुस्लिम युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी असली धार्मिक पहचान छिपाकर एक युवती से दोस्ती की और उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया।
आरोपी ने खुद को कुंवारा बताकर पीड़िता के साथ तीन साल तक शारीरिक संबंध बनाए और धोखे से उसका धर्म परिवर्तन करा दिया। जब युवती को उसकी पहली शादी और असलियत का पता चला, तो विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा गया। किसी तरह आरोपी के चंगुल से भागकर पीड़िता ने अमीनाबाद थाने में न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता के अनुसार, तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर उसकी मुलाकात कैसरबाग (मकबूलगंज सुतुरखाना) निवासी राशिद हुसैन के बेटे साहिल हुसैन से हुई थी। साहिल ने उसे अपना फर्जी नाम ‘राउडी’ बताया था और अपनी धार्मिक पहचान छिपाई थी। नजदीकियां बढ़ने के बाद आरोपी ने युवती की कई आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। इसके बाद इन अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसने युवती पर मजहब बदलने का दबाव बनाया। बदनामी के डर से पीड़िता ने धर्म परिवर्तन कर लिया, जिसके बाद आरोपी उसे प्रताड़ित करने लगा। इसी बीच युवती को पता चला कि साहिल न सिर्फ मुस्लिम है बल्कि पहले से शादीशुदा भी है। इसका विरोध करने पर आरोपी ने उसकी बुरी तरह पिटाई की।
पुलिस ने की एफआईआर छिपाने की कोशिश
अमीनाबाद पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुस्तैदी दिखाते हुए चंद घंटों के भीतर ही आरोपी साहिल हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद साहिल को जेल भेज दिया। हालांकि, इस संवेदनशील मामले में अमीनाबाद पुलिस का रवैया थोड़ा संदिग्ध रहा।
पुलिस ने कार्रवाई तो तेजी से की, लेकिन एफआईआर को मीडिया से छुपाए रखा और घटना की आधिकारिक जानकारी देने में आनाकानी करती रही। अमीनाबाद इंस्पेक्टर सुनील आजाद ने केवल आरोपी की गिरफ्तारी और उसे जेल भेजे जाने की पुष्टि की है।
इसे भी पढ़ें: SIT की अंतिम रिपोर्ट के बाद चंपत राय मीडिया के सामने खोलेंगे राज
राजधानी में पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले
लखनऊ में जबरन धर्मांतरण और धोखे से शोषण का यह कोई पहला मामला नहीं है। केवल जून 2026 के महीने में ही ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं।
जून 2026 (पारा थाना): एक युवती ने आलमबाग के युवक और उसके परिवार पर शादी का झांसा देकर शोषण करने और जबरन धर्म बदलने का दबाव बनाने का केस दर्ज कराया।
जून 2026 (पीजीआई थाना): 21 वर्षीय युवती के लापता होने पर परिजनों ने इरशाद अली नामक व्यक्ति के खिलाफ अपहरण और धर्मांतरण की साजिश का मुकदमा दर्ज कराया।
जनवरी 2026 (चौक थाना): केजीएमयू की एमडी पैथोलॉजी की एक छात्रा ने वहां के एक रेजिडेंट डॉक्टर पर यौन उत्पीड़न और जबरन मजहब बदलवाने की एफआईआर दर्ज कराई थी।
इसे भी पढ़ें: समग्र हिंदुत्व की राह पर भाजपा
