Ketan Agrawal Murder Case: क्रिकेट मैच का वीडियो वायरल, यहीं से रची गई थी हत्या की साजिश

Ketan Agrawal Murder Case

Ketan Agrawal Murder Case: महाराष्ट्र के हाई-प्रोफाइल केतन अग्रवाल हत्याकांड (Ketan Agrawal Murder Case) की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, इसमें हर दिन चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा एक कथित वीडियो इस पूरे मामले में सनसनी बनकर उभरा है। इस वीडियो में मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसका प्रेमी चेतन चौधरी एक क्रिकेट मैच के दौरान दर्शक दीर्घा (Stands) में एक साथ बैठे नजर आ रहे हैं। भले ही इस वायरल वीडियो की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुणे पुलिस इसे केस की एक बेहद अहम डिजिटल कड़ी मानकर जांच कर रही है।

स्टेडियम में इश्क, फिर भी केतन से तय हुई शादी

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस कथित वीडियो में सिया और चेतन बेहद सामान्य तरीके से मैच का लुत्फ उठाते और आपस में गुफ्तगू करते दिख रहे हैं। पुलिस जांच के मुताबिक, इसी क्रिकेट मैच के बाद ही दोनों के रिश्ते की भनक सबसे पहले परिवार को लगी थी।

पुलिस का दावा है कि अफेयर की बात सामने आने के बावजूद सिया के परिवार ने उसके कदम नहीं रोके। इसके बजाय, केतन अग्रवाल के परिवार की मजबूत आर्थिक स्थिति (Strong Financial Status) को देखते हुए सिया की शादी जबरन केतन से तय कर दी गई। पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि शादी तय करते वक्त परिवार को इस प्रेम-प्रसंग के बारे में कितनी गहराई से पता था। इसी सिलसिले में जांच टीम ने सिया के माता-पिता और उसके भाई से भी मैराथन पूछताछ की है, ताकि यह साफ हो सके कि रिश्ते की जानकारी मिलने के बाद घर में क्या फैसले लिए गए थे।

Wife Kills Husband

2,000 फोन कॉल्स और लगातार मुलाकातें

जांच एजेंसियों ने दोनों आरोपियों की जो कुंडली खंगाली है, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। कॉल डेटा रिकॉर्ड (CDR) के मुताबिक, सिया और चेतन पिछले कई महीनों से लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों के बीच करीब 2,000 फोन कॉल्स हुए। इसके अलावा दोनों ने कई बार सीक्रेट मीटिंग्स (मुलाकातें) भी की थीं। पुलिस अब इन कॉल्स और मुलाकातों की पूरी टाइमलाइन तैयार कर रही है, ताकि यह साबित किया जा सके कि हत्या की साजिश कब और कैसे रची गई।

लोहागढ़ किले पर मर्डर से पहले भी की गई थीं कई कोशिशें

पुणे पुलिस के मुताबिक, केतन अग्रवाल की हत्या कोई अचानक उपजा गुस्सा या तात्कालिक फैसला नहीं था। यह एक बेहद सोची-समझी और क्रूर साजिश थी। जांच में यह बात सामने आई है कि सिया और चेतन ने केतन को रास्ते से हटाने के लिए पहले भी कई बार प्लान बनाए थे, लेकिन हर बार किसी न किसी वजह से वे नाकाम रहे। इसके बाद, बीती 18 जून को लोहागढ़ किले (Lohagad Fort) की ट्रेकिंग के दौरान केतन को पहाड़ी से नीचे गहरी खाई में धक्का दे दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

इसे भी पढ़ें: सिया पहले भी कर चुकी थी केतन को मारने की कोशिश

अब दोनों में रार: एक-दूसरे पर मढ़ रहे हत्या का दोष

गिरफ्तारी के बाद शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने वाले दोनों आरोपी अब कानून के शिकंजे में फंसते ही टूट गए हैं। हालांकि, अब इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है। लॉकअप में बंद सिया और चेतन अब खुद को बचाने के लिए हत्या की पूरी प्लानिंग का जिम्मेदार एक-दूसरे को ठहरा रहे हैं। इस पैंतरेबाजी के बाद पुलिस ने मामले को पूरी तरह सुलझाने के लिए आरोपियों के डिलीट किए गए चैट्स, मोबाइल डेटा और अन्य डिजिटल सबूतों को फोरेंसिक जांच (Forensic Lab) के लिए भेज दिया है, ताकि कोर्ट के सामने अकाट्य सबूत पेश किए जा सकें।

इसे भी पढ़ें: Earthquake Alert: दिल्ली-NCR से जम्मू-कश्मीर तक हिली धरती

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...