बीजेपी विधायक ने इकरा हसन को दिया गुर्जर समाज में शादी करने का ऑफर
सहारनपुर: गाजियाबाद के लोनी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन को लेकर एक तीखा और विवादित बयान दिया है। सहारनपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे बीजेपी विधायक ने इकरा हसन को खुला चैलेंज देते हुए कहा कि यदि वह सच में खुद को गुर्जर समाज की बेटी मानती हैं, तो उन्हें किसी गुर्जर के बेटे से विवाह करना चाहिए। तभी समाज उन्हें अपनी बेटी के रूप में स्वीकार करेगा।
वोट बैंक के लिए झूठे रिश्ते बनाने का आरोप
बीजेपी विधायक का यह बयान इकरा हसन की उस हालिया अपील के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने एक गुर्जर बहुल क्षेत्र में जनता से संवाद करते हुए खुद को उनकी बेटी बताया था। नंद किशोर गुर्जर ने निशाना साधते हुए कहा कि सिर्फ राजनीतिक लाभ और वोट हासिल करने के लिए ऐसे भावनात्मक रिश्ते गढ़ने से कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने आगे कहा, हमारे समाज में योग्य राजनेता, आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियरों की कमी नहीं है। यदि इकरा हसन पहल करें, तो हम आगे बढ़कर उनका विवाह कराने में पूरा सहयोग करेंगे।
"कैराना सांसद इकरा हसन कह रही हैं कि वो गुर्जर हैं। हम भी उन्हें परिवार की बेटी मान लेंगे, वो किसी हिंदू लड़के से शादी करें"
गाजियाबाद, यूपी के BJP विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने सहारनपुर में यह कहा !! pic.twitter.com/zZ9UDugW9p
— Sachin Gupta (@Sachingupta) October 3, 2026
वंदे मातरम और जय श्रीराम पर भी दे चुके हैं बयान
नंद किशोर गुर्जर का विवादित बयानों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चित हुआ था, जिसमें वह वंदे मातरम और जय श्रीराम के नारे लगाने वालों का समर्थन करते नजर आए थे। इकरा हसन पर दिए गए उनके इस ताजा बयान के बाद एक बार फिर उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में बहस तेज हो गई है।
इसे भी पढ़ें: वैश्विक भाषा बन गई है हिंदी: प्रो. संजय द्विवेदी
इसे भी पढ़ें: सोशल मीडिया के सहारे अफवाहों की राजनीति
