DLF मॉल ऑफ इंडिया में महिला पर चोरी का आरोप, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा के हाई-प्रोफाइल सेक्टर-18 स्थित डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया (DLF Mall of India) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मॉल के भीतर एक महिला द्वारा बिना भुगतान किए सामान ले जाने के आरोप में सिक्योरिटी टीम और महिला के बीच जमकर नोकझोंक हुई। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सिक्योरिटी गार्ड्स महिला को पकड़कर ले जाते दिख रहे हैं। हालांकि, बाद में बिल का भुगतान होने पर मामला शांत हो गया।
ली मार्च स्टोर से बिना बिल चुकाए उठाया सामान
मिली जानकारी के अनुसार, महिला मॉल में स्थित ‘ली मार्च’ (Le Marche) स्टोर में खरीदारी करने पहुंची थी। आरोप है कि महिला ने स्टोर से देसी घी और कुछ अन्य कीमती सामान उठाया, लेकिन उसका भुगतान किए बिना ही चुपचाप बाहर निकल गई। स्टोर कर्मियों को जब संदेह हुआ, तो उन्होंने तत्काल सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की जांच की। फुटेज में महिला की करतूत कैद होने के बाद सिक्योरिटी टीम को अलर्ट किया गया, जिसने घेराबंदी कर महिला को मॉल परिसर में ही रोक लिया।
देख रहे हैं यह महिला कहीं से लग रही है
कि चोर हो सकती हैं!!नोएडा के डीएलएफ मॉल से 1 महीने के अंदर चार बार चोरी कर चुकी है……..
हर बार बच के निकल जाती थी, लेकिन इस बार कैमरे की नजर से बच नहीं पाई
कभी घी चुरा रही थी ,
तो कभी कोई और सामान https://t.co/qqpJNJJtGl— Journalist Fatima ✍️ (@mahsharfatima86) October 5, 2026
स्टोर का दावा- पहले भी हुई हैं ऐसी घटनाएं
मॉल परिसर में जब सिक्योरिटी गार्ड्स ने महिला को रोका, तो उनके बीच काफी देर तक तीखी बहस और तकरार हुई। इस ड्रामे को देखने के लिए वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि इससे पहले भी उक्त स्टोर से सामान गायब होने और चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं।
इसे भी पढ़ें: आकाश आनंद को फिर बनाया बसपा का राष्ट्रीय संयोजक, ढाई साल में 9वां यू-टर्न
बिल चुकाने के बाद थमा विवाद
मामला बढ़ता देख थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली डीएलएफ चौकी पुलिस भी हरकत में आई। पुलिस के अनुसार, सिक्योरिटी द्वारा रोके जाने के बाद महिला ने गलती मानते हुए सामान का पूरा बिल चुका दिया। भुगतान होने के बाद मॉल प्रबंधन और महिला के बीच सहमति बन गई और विवाद वहीं खत्म हो गया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि दोनों में से किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है, जिसके चलते कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।
इसे भी पढ़ें: रणबीर कपूर स्टारर रामायण के सेट पर लगी भीषण आग
