पूर्व मिस स्विट्जरलैंड ने ट्रंप पर लगाया रेप का आरोप, व्हाइट हाउस ने किया खारिज
Donald Trump Allegations: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर पूर्व मिस स्विट्जरलैंड बीट्राइस केउल (Beatrice Keul) ने साल 1993 में रेप करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। यह दावा अमेरिकी संसद की हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी द्वारा डेमोक्रेट्स की ओर से जारी की गई एक नई रिपोर्ट में सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, जेफरी एपस्टीन के सेक्स ट्रैफिकिंग नेटवर्क से ट्रंप के कथित संबंधों की चल रही जांच के तहत यह बयान दर्ज किया गया है। उधर, व्हाइट हाउस ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित और झूठा करार दिया है।
प्लाजा होटल में मुलाकात और हमले का आरोप
केउल के मुताबिक, नवंबर 1993 में वह डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिकन ड्रीम पेजेंट में हिस्सा लेने न्यूयॉर्क गई थीं। ट्रंप के स्वामित्व वाले प्लाजा होटल में एक प्रेस लंच के दौरान ट्रंप उनसे मिले थे। बाद में ट्रंप के एक प्रतिनिधि के जरिए उन्हें होटल के ऊपरी हिस्से में बुलाया गया। पीड़िता का आरोप है कि सुइट में प्रवेश करते ही ट्रंप ने उनके साथ जबरन दुष्कर्म किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनके कपड़े भी फट गए। उन्होंने इस कथित घटना को बेहद क्रूर बताया है।

जेफरी एपस्टीन ने भी की थी मदद की पेशकश
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस घटना के बाद जेफरी एपस्टीन उनके पास आया और खुद को डॉन का सबसे अच्छा दोस्त बताते हुए अमेरिकी वीजा और एनवाईयू (NYU) में दाखिला दिलाने में मदद की पेशकश की। एपस्टीन ने उन्हें मार-ए-लागो एस्टेट की एक पार्टी में भी आमंत्रित किया था। स्विट्जरलैंड लौटने के बाद केउल ने ट्रंप द्वारा प्रायोजित अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया था।
इसे भी पढ़ें: यूपी में करवट बदलती राजनीति
व्हाइट हाउस ने आरोपों को बताया निराधार
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने इन तमाम आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इनमें से एक भी बात सच नहीं है। व्हाइट हाउस ने इसे डेमोक्रेट्स की एक हताश कोशिश करार दिया है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रपति ट्रंप की उपलब्धियों और रिपब्लिकन पार्टी की लोकप्रियता से जनता का ध्यान भटकाना है।
इसे भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी
