ट्रंप का ऐलान- स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर कब्जा करेगा अमेरिका, सुरक्षा के बदले वसूलेगा टैक्स

Donald Trump Strait of Hormuz

वाशिंगटन: मिडिल-ईस्ट (पश्चिम एशिया) के समंदर में बारूद की गंध एक बार फिर तेज हो गई है। जिस स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (होर्मुज जलडमरूमध्य) को ईरान अपनी अर्थव्यवस्था की सबसे मजबूत ढाल और ट्रंप के खिलाफ अचूक हथियार मान रहा था, वही संकरा समुद्री रास्ता अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सोने का अंडा देने वाली मुर्गी की तरह दिखने लगा है।

ईरान के साथ चरम पर पहुंचे तनाव के बीच, राष्ट्रपति ट्रंप ने एक ऐसा आक्रामक और अप्रत्याशित ऐलान कर दिया है जिसने वैश्विक राजनीति में हड़कंप मचा दिया है। ट्रंप ने अपनी पुरानी कूटनीतिक लाइन से दो कदम आगे बढ़ते हुए सीधे शब्दों में चेतावनी दी है, ‘होर्मुज पूरी दुनिया के लिए खुला रहेगा, ईरान के साथ भी और ईरान के बिना भी।’ अमेरिकी राष्ट्रपति के इस तीखे बयान को उनके कारोबारी विजन और वैश्विक व्यापार पर एकाधिकार जमाने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

सोशल मीडिया पर फूटा ट्रंप का गुस्सा

रणनीतिक रूप से दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री मार्ग पर अपना नियंत्रण स्थापित करने के लिए मचल रहे डोनाल्ड ट्रंप की बेसब्री साफ देखने को मिल रही है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बिना किसी लागलपेट के अपने मन की बात साझा की। ट्रंप ने दोटूक कहा कि अमेरिका अब होर्मुज जलडमरूमध्य का नियंत्रण पूरी तरह से अपने हाथों में लेने जा रहा है।

इतना ही नहीं, ट्रंप ने वैश्विक व्यापार की सुरक्षा को एक बिजनेस मॉडल में तब्दील करने का संकेत देते हुए कहा कि दुनिया के इस सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्ग को सुरक्षित रखने के एवज में अमेरिका अब अंतरराष्ट्रीय समुदाय और इससे गुजरने वाले देशों से बकायदा भुगतान (पैसा) वसूलेगा।

कमजोर हो चुका है ईरान, उसके पास कुछ नहीं बचा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थान फॉक्स न्यूज को दिए एक विशेष इंटरव्यू में तेहरान की मौजूदा स्थिति पर बड़ा दावा किया। ट्रंप ने कहा, अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण लेने जा रहा है, क्योंकि ईरान अब बेहद कमजोर स्थिति में पहुंच चुका है। तेहरान के पास अब खोने और बचाने के लिए कुछ नहीं बचा है।

ट्रंप ने ईरान की कूटनीतिक चालों पर तंज कसते हुए एक इनसाइड स्टोरी भी साझा की। उन्होंने बताया कि कल उनकी (अमेरिकी अधिकारियों और ईरान के बीच) 11 घंटे लंबी मैराथन बैठक हुई थी, जिसमें सब कुछ लगभग तय हो चुका था। लेकिन जैसे ही वे कमरे से बाहर निकले, उन्होंने फोन करके कह दिया कि कुछ बदलाव करने हैं।

इसे भी पढ़ें: ईरान में कट्टरपंथी अखबार ने जारी की 13 वैश्विक नेताओं की हिट लिस्ट

ट्रंप ने ईरान की टालमटोल नीति पर साधा तीखा निशाना

ईरान के रुख पर भड़के अमेरिकी राष्ट्रपति ने कड़े शब्दों में कहा कि पिछले 47 सालों से ईरान दुनिया के देशों को इसी तरह से टालता आ रहा है। उन्होंने पिछली अमेरिकी सरकारों को भी कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि होर्मुज पर नियंत्रण का यह काम आज से 47 साल पहले ही हो जाना चाहिए था, जिसे अब उनकी सरकार अंजाम देने जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य को अपने सीधे नियंत्रण में लेता है, तो वैश्विक तेल आपूर्ति और समुद्री व्यापार पर इसका सीधा असर पड़ेगा, जिससे आने वाले दिनों में खाड़ी देशों में युद्ध के बादल और गहरे हो सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: अब भरत नगर के नाम से जाना जाएगा अयोध्या का भदरसा कस्बा

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...