PM मोदी ने मन की बात में एथलीट्स के नेशनल रिकॉर्ड्स को सराहा, बस्ती के आकाश गुप्ता की तारीफ
Mann Ki Baat 134th Episode: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम के 134वें एपिसोड के जरिए देशवासियों से सीधा संवाद किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत देश के युवा एथलीट्स की हौसलाअफजाई से की। उन्होंने हाल ही में रांची में संपन्न हुई नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन कॉम्पिटिशन का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें देश भर के 800 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और 4 अलग-अलग इवेंट्स में नेशनल रिकॉर्ड ध्वस्त हुए। पीएम ने नए कीर्तिमान रचने वाले धावक गुरिंदरवीर सिंह, विशाल टीके, तेजस्विन शंकर, देव मीणा और कुलदीप कुमार को बधाई दी।
विशेष रूप से चर्चा में रही 100 मीटर रेस के दो जांबाज धावकों गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर से पीएम मोदी ने फोन पर सीधी बातचीत की। पीएम ने दोनों की तारीफ करते हुए कहा कि हमने संगीत में तो जुगलबंदी देखी थी, लेकिन खेल की चुनौती में ऐसी जुगलबंदी पहली बार देखी है, जहाँ महज दो दिन में तीन बार नेशनल रिकॉर्ड टूटा। दोनों एथलीट्स का यह जज्बा अद्भुत है।
रसोई के देसी नुस्खे और आमों के मुरीद हुए प्रधानमंत्री
देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी और गर्म हवाओं को लेकर पीएम मोदी ने देशवासियों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने और सरकारी गाइडलाइंस का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत के ‘आम पन्ना’, पंजाब-हरियाणा की ‘लस्सी’, राजस्थान-गुजरात की ‘छाछ’, यूपी-बिहार के ‘सत्तू शरबत’, कोंकण के ‘कोकम शरबत’ और दक्षिण भारत के ‘पानकम व नीर मोर’ जैसे देसी पेय न सिर्फ गर्मी से बचाते हैं बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा हैं।
इसके साथ ही उन्होंने भारत में गर्मियों की जान यानी ‘आम’ की विभिन्न प्रजातियों की जमकर तारीफ की। महाराष्ट्र के हापुस (अल्फांसो), गुजरात के केसर, यूपी के दशहरी, काशी के लंगड़ा, बिहार के जर्दालु और चौसा से लेकर दक्षिण भारत के बंगनपल्ली व तोतापुरी आमों की महक का जिक्र करते हुए पीएम ने देश के किसान भाई-बहनों को कृषि अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया, जिनके दम पर भारतीय आम ग्लोबल मार्केट में धूम मचा रहे हैं।
चोल राजवंश की ऐतिहासिक धरोहर और छत्तीसगढ़ का ज्ञान भारतम् अभियान
प्रधानमंत्री ने अपनी हालिया नीदरलैंड्स यात्रा के एक बेहद गौरवशाली क्षण को साझा किया। उन्होंने बताया कि नीदरलैंड्स सरकार द्वारा एक विशेष समारोह में भारत को चोल काल की 24 प्राचीन ताम्र पट्टिकाएं (21 बड़ी और 3 छोटी) वापस सौंपी गईं। राजा राजेंद्र चोल प्रथम से जुड़ी इन पट्टिकाओं में बौद्ध विहार को गांव दान देने का उल्लेख है, जो चोल साम्राज्य की अदम्य समुद्री शक्ति और दक्षिण-पूर्व एशिया से मजबूत व्यापारिक संबंधों को उजागर करती हैं। इसके अलावा, उन्होंने ‘ज्ञान भारतम् अभियान’ के तहत छत्तीसगढ़ के मल्हार में पांडुवंशी राजवंश के काल की तीन दुर्लभ ताम्र पट्टिकाओं की खोज की भी सराहना की।
इसे भी पढ़ें: Lucknow News: बड़ी भुइयन माता मंदिर में तपती धूप के बीच नागा साधु की पंचधूनी अग्नि तपस्या, गूंज रहे मंत्र
यूपी के बस्ती के आकाश गुप्ता बने रोल मॉडल
कार्यक्रम के आखिरी हिस्से में पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के युवा आकाश गुप्ता की एक बेहद प्रेरक कहानी देश के सामने रखी। बचपन में साफ-सुथरी दिखने वाली मनोरमा नदी को जब आकाश ने प्लास्टिक और जलकुंभी के कचरे से घिरकर मरते देखा, तो उन्होंने सिस्टम से ‘शिकायत करने के बजाय बदलाव की शुरुआत’ करने की ठानी।
आकाश ने अपने दोस्तों की टोली बनाई और बिना किसी बड़े संसाधन के सिर्फ जाल, फावड़ा और टोकरी लेकर खुद नदी की सफाई में उतर गए। ये युवा हर दिन 50 से 60 किलो प्लास्टिक कचरा नदी से बाहर निकालते हैं। इस प्रयास से मनोरमा नदी का एक बड़ा हिस्सा अब पूरी तरह साफ और पुनर्जीवित हो चुका है। पीएम मोदी ने आकाश के इस संकल्प की सराहना करते हुए इसे स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता का सबसे बेहतरीन उदाहरण बताया।
इसे भी पढ़ें: असद की बहन से था सूर्या का रिश्ता, सपा प्रवक्ता ने एनकाउंटर पर उठाए सवाल
