अनंत अंबानी ने तिरुपति मंदिर को दान कीं 25 इलेक्ट्रिक बसें, ड्राइवर और चार्जिंग का खर्च भी उठाएगा रिलायंस

Anant Ambani

Newschuski Digital Desk: रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी (Anant Ambani) ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) की पर्यावरण-अनुकूल पहल को एक ऐतिहासिक रफ्तार दी है। मंदिर के आधुनिकीकरण और ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए अनंत अंबानी ने ₹27.5 करोड़ की लागत वाली 25 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसें दान करने का बड़ा एलान किया है। टीटीडी के इतिहास में पर्यावरण संरक्षण और विद्युतीकरण (Electrification) की दिशा में किसी निजी व्यक्ति या संस्था द्वारा किया गया यह अब तक का सबसे बड़ा एकल योगदान है।

हाल ही में तिरुपति बालाजी के दर्शन करने पहुँचे अनंत अंबानी पारंपरिक सादे सफेद परिधान (धोती और सुनहरी जरी वाली शॉल) में नजर आए। उन्होंने मंदिर की सदियों पुरानी मुंडन परंपरा का पालन करते हुए भगवान वेंकटेश्वर को अपने बाल अर्पित किए। मुंडन संस्कार से पहले उन्होंने अल सुबह होने वाली पवित्र सुप्रभात सेवा में भाग लिया और भगवान के दिव्य दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

इसे भी पढ़ें: सपा विधायक कमाल अख्तर ने मुख्य सचेतक के पद से दिया इस्तीफा

अनंत अंबानी का यह कदम सिर्फ बसों के दान तक ही सीमित नहीं है, बल्कि रिलायंस इसके सुचारू संचालन के लिए एक पूरा इकोसिस्टम तैयार कर रहा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज इन बसों को चलाने वाले 50 ड्राइवरों के वेतन का पूरा खर्च खुद संभालेगी। इसके साथ ही मंदिर परिसर में ईवी (EV) चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी स्थापित किया जाएगा।

इस व्यापक सहयोग से इलेक्ट्रिक वाहनों के संचालन में आने वाली दो सबसे बड़ी अड़चनों प्रशिक्षित स्टाफ और चार्जिंग स्टेशनों की कमी का पूरी तरह समाधान हो जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने गुजरात में रिलायंस के मशहूर वन्यजीव संरक्षण प्रोजेक्ट वनतारा (Vantara) की तर्ज पर तिरुपति मंदिर की गोशाला के आधुनिकीकरण में भी पूरा सहयोग देने का संकल्प जताया है।

इसे भी पढ़ें: राममंदिर चंदा चोरी ने योगी-मोदी के चुनावी हिंदुत्व को लगाया चूना

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...