पटना कोचिंग विवाद में नया मोड़, खान सर के बॉडीगार्ड ने की थी फायरिंग, वीडियो आया सामने
पटना: खान सर के कोचिंग संस्थान (Khan Global Coaching) पर हुए हमले की जांच का रुख पूरी तरह बदल गया है। जहां पुलिस ने पहले कहा था कि झड़प के दौरान कोई गोली नहीं चली, वहीं गुरुवार को एक चौंकाने वाला वीडियो वायरल हुआ है। इस फुटेज में साफ तौर पर दो लोग हवा में फायरिंग करते दिख रहे हैं। खबरों के अनुसार, इनमें से एक शख्स खान सर का निजी अंगरक्षक (बॉडीगार्ड) बताया जा रहा है।
कैसा है वायरल वीडियो
यह विवादित वीडियो खान सर की प्रतिद्वंद्वी कोचिंग ज्ञान बिंदु (Gyan Bindu) द्वारा जारी किया गया है। इसमें दो युवक बिना किसी रोक-टोक के हवा में गोलियां दागते दिख रहे हैं। पृष्ठभूमि में वही बोर्ड बिखरा हुआ है, जिसे 2 जून की रात को हंगामा करने वालों ने तोड़ फोड़ के दौरान गिरा दिया था। इस आधार पर यह माना जा रहा है कि वीडियो उसी रात का है, जब पूरा बवाल हुआ था। इससे पहले मंगलवार रात खुद खान सर ने दावा किया था कि हमलावरों ने उनके सेंटर पर गोलियां चलाईं, लेकिन पुलिस को सीसीटीवी में कुछ नहीं मिला था, जिसके बाद वह पीछे हट गए थे।
पटना में खान सर की कोचिंग पर हुए पथराव मामले में नया मोड़ सामने आया है। ज्ञानबिंदु कोचिंग की ओर से जारी वीडियो में दो लोग हवाई फायरिंग करते दिख रहे हैं, जिनमें से एक को खान सर का कथित बॉडीगार्ड बताया जा रहा है#KhanSir | #Patna | #Bihar pic.twitter.com/ccymIM5CJP
— NDTV India (@ndtvindia) June 4, 2026
विरोधी कोचिंग के डायरेक्टर की गिरफ्तारी
पुलिस इस पूरे झगड़े को दो बड़े कोचिंग संस्थानों के बीच की रार का नतीजा मान रही है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विरोधी संस्थान ‘ज्ञान बिंदु’ के निदेशक रौशन आनंद (Roshan Anand) और उनके दो साथियों अभिषेक व गौरव को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल रौशन आनंद बेऊर जेल में बंद हैं। वहीं घटना में खान सर की कोचिंग के एक गार्ड के सिर में गंभीर चोट आई थी, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
इसे भी पढ़ें: ललित मोदी का दावा, थरूर और सुनंदा को बचाने के लिए सोनिया और अहमद पटेल ने बनाया था दबाव
जेल जाने से पहले रौशन ने खुद को बताया मासूम
गिरफ्तारी से ठीक पहले रौशन आनंद ने मीडिया से बातचीत में अपने ऊपर लगे सारे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने दावा किया कि बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में उनके कोचिंग संस्थान के छात्रों का शानदार परिणाम आया है, जिससे खान सर जल गए। रौशन ने आरोप लगाया कि सफलता की इस ईर्ष्या के चलते उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि वह गंभीर किडनी रोगी हैं और हाल ही में उनका ऑपरेशन हुआ है, जिसके चलते वह पहले से ही काफी बीमार चल रहे थे।
इसे भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टालरेंस नीति
