यूपी में 5 जून तक रुकेगा आंधी-पानी का दौर, हीटवेव से मिली राहत

UP Weather Update

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। प्रदेश के कई इलाकों में सोमवार को बादल गरजे और हल्की फुहारों ने दिन-रात का पारा गिरा दिया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी के बीच पश्चिमी विक्षोभ अभी भी सक्रिय है, जो पांच जून तक प्रदेश में अपना प्रभाव दिखाएगा। इस दौरान आंधी और बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल हीट डोम वाले जिलों को छोड़कर प्रदेश के शेष हिस्सों में 10 जून तक हीटवेव की कोई संभावना नहीं है।

जून की शुरुआत बेहद ठंडी, कानपुर में पारा 35.2 डिग्री

इस वर्ष जून की शुरुआत बेहद ठंडी रही है। कानपुर में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.7 डिग्री कम है। रविवार को यहां पारा 36.2 डिग्री था। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री से घटकर 22.8 डिग्री सेल्सियस हो गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। पश्चिमी विक्षोभ के आने के बाद से लगातार तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के नीचे ही है, जबकि रात का तापमान भी सामान्य बना हुआ है।

तेज धूप न होने से मिली राहत, नमी का प्रतिशत अधिक

तेज धूप नहीं रहने और हवा की रफ्तार 30-35 किलोमीटर प्रति घंटा रहने से लोगों को राहत मिली है। नमी का प्रतिशत भी अधिक बना रहा। अधिकतम नमी 84 प्रतिशत और न्यूनतम 54 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। कानपुर में 1.2 मिलीमीटर बारिश भी दर्ज की गई।

देशभर में मौसम सिस्टम सक्रिय, यूपी में आंधी-पानी का सिलसिला जारी

देश के अधिकांश राज्यों में आंधी और बारिश से मौसम बदला हुआ है। सोमवार को देश भर में नौ चक्रवाती परिसंचरण केंद्र सक्रिय थे, जिनका असर लगातार देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में दो जून से आंधी-पानी की संभावना कम हो जाएगी, लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पांच जून तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पांच जून को पूर्वी क्षेत्र में फिर से बारिश की संभावना है।

इसे भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके लौट रहे भारत

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जिस तरह से लगातार नमी आ रही है, उससे हीटवेव की स्थितियां जल्दी बनने की संभावना नहीं है। हीट डोम वाले क्षेत्रों में बांदा, हमीरपुर, झांसी के अलावा आगरा, प्रयागराज और वाराणसी में तापमान जल्द ही 40 डिग्री के करीब या उससे अधिक पहुंच सकता है। हालांकि, अन्य जिलों में तापमान 40 डिग्री से नीचे और सामान्य से कम बने रहने की संभावना है। विशेषज्ञों के मुताबिक, 10 जून के बाद हीटवेव की स्थितियां बन सकती हैं।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि लू पर ब्रेक लग गया है। लगातार पूर्वी हवाएं चल रही हैं, जो नमी ला रही हैं। इन हवाओं के चलते रहने की संभावना है और जब तक ये बंद नहीं होतीं, तब तक तापमान तेजी से नहीं बढ़ेगा। राजस्थान में भी धूल भरी आंधियां लगातार आ रही हैं, जिससे उत्तर प्रदेश के तेजी से गर्म होने की संभावना फिलहाल नहीं है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने कहा कि हल्के बादल छाए रहेंगे और छिटपुट बारिश से इनकार नहीं किया जा सकता। तेज हवाएं भी चलती रहेंगी।

इसे भी पढ़ें: यूपी बोर्ड रिजल्ट पर सीएम योगी की लड़कों पर चुटकी

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...