UP ATS ने आजमगढ़ से दबोचा ISI का स्लीपर सेल, महिला नेता की हत्या का था प्लान
Azamgarh News: उत्तर प्रदेश को दहलाने और देश की संप्रभुता को चुनौती देने की एक बेहद खतरनाक साजिश को यूपी एटीएस (UP-ATS) ने नाकाम कर दिया है। एटीएस ने आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और एक बड़े गैंगस्टर नेटवर्क के लिए स्लीपर सेल के रूप में काम कर रहा था।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद शेख के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के वक्त एटीएस ने तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक 9 MM की पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पाकिस्तानी गैंगस्टर भट्टी रच रहा था साजिश
एटीएस को लगातार इनपुट मिल रहे थे कि पाकिस्तान की ISI और अन्य आतंकी संगठन भारत की एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने के लिए एक नई और खतरनाक साजिश रच रहे हैं।
कैसे फैलाया जा रहा था नेटवर्क
पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी के आतंकी नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा था। सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवकों को जाल में फंसाया जा रहा था। युवकों को भारी-भरकम पैसे का लालच और धार्मिक भावनाओं को भड़काकर रेडिकलाइज (कट्टरपंथी) किया जा रहा था। इन्हें भारत में बड़े आतंकी हमलों को अंजाम देने के लिए स्लीपर सेल की तरह तैयार किया जा रहा था।
टारगेट पर थे राजनीतिक दफ्तर और सुरक्षा एजेंसियां
जांच में सामने आया है कि इस पाकिस्तानी गैंग का मकसद बेहद खौफनाक था। यह नेटवर्क भारतीय युवकों को कई खतरनाक वारदातों के लिए उकसा रहा था, जिसमें वीआईपी (VIP) व्यक्तियों और महत्वपूर्ण संस्थानों की रेकी करना, टारगेट किलिंग (हत्याएं) को अंजाम देना, राजनीतिक पार्टियों के दफ्तरों को बम से उड़ाना, सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों की हत्या और उनके मुख्यालयों पर हमले करने का मकसद था।
पाकिस्तानी नंबरों से व्हाट्सऐप पर था सीधा संपर्क
आरोपी मोहम्मद शेख पूरी तरह से पाकिस्तानी हैंडलर्स की गिरफ्त में था। वह शहजाद भट्टी गैंग के पाकिस्तानी और दुबई के मोबाइल नंबरों के जरिए व्हाट्सऐप और सोशल मीडिया पर लगातार संपर्क में था। वह इस आतंकी विचारधारा से इतना प्रभावित हो चुका था कि खुद जिहाद की बातें करने लगा था। सिर्फ इतना ही नहीं, वह अपने आसपास के अन्य युवाओं को भी इस दलदल में धकेलने और देश विरोधी गतिविधियों के लिए प्रेरित कर रहा था। जांच में पता चला है कि शेख को शहजाद भट्टी के अलावा उसके गैंग के दो अन्य गुर्गे अजमल गुर्जर और रजा पाकिस्तानी हैंडल कर रहे थे।
इसे भी पढ़ें: यूपी में 5 जून तक रुकेगा आंधी-पानी का दौर, हीटवेव से मिली राहत
महिला नेता की हत्या का था ट्रायल प्लान
पूछताछ में जो सबसे बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, वो यह कि इस गैंग ने मोहम्मद शेख को एक ट्रायल टास्क दिया था। शहजाद भट्टी गैंग के हैंडलरों ने शेख को एक दूसरे राज्य की बड़ी राजनीतिक पार्टी की महिला नेता को धमकाने और उनकी हत्या करने का काम सौंपा था। हैंडलर्स ने वादा किया था कि इस हत्या को अंजाम देने के बाद उसे किसी बहुत बड़े मिशन में शामिल किया जाएगा। शेख इस टास्क को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार था और इसीलिए उसने 9 MM की पिस्टल और कारतूस का इंतजाम भी कर लिया था। वह इस वारदात को अंजाम देने ही वाला था कि यूपी एटीएस ने उसे दबोच लिया।
इसे भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके लौट रहे भारत
