यूपी बोर्ड रिजल्ट पर सीएम योगी की लड़कों पर चुटकी, बोले- लगता है छात्र अब घर-मोहल्ले में झाड़ू-पोंछा करने लगे हैं
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने कड़े फैसलों के साथ-साथ अपने हाजिरजवाब और चुटीले अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। सोमवार को लखनऊ में माध्यमिक शिक्षा विभाग के एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी का यही अनोखा रूप देखने को मिला, जब उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में लड़कियों के मुकाबले लड़कों के कमजोर प्रदर्शन पर जमकर चुटकी ली। मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके माता-पिता और प्रधानाचार्यों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने मजाकिया लहजे में कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि छात्र अब पढ़ाई छोड़कर घरों और मोहल्लों में झाड़ू-पोंछा लगाने के काम में व्यस्त हो गए हैं, तभी तो परीक्षाओं में उनके नंबर लड़कियों से कम आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने इस बात पर हैरानी जताई कि हमेशा यह माना जाता था कि छात्राएं घर के कामकाज में अपनी माताओं का हाथ बंटाती हैं, इसलिए उन्हें पढ़ाई के लिए कम वक्त मिलता है। लेकिन अब वक्त बदल चुका है।

मां-बाप लड़कों से मंगा रहे हैं सब्जी
लड़कों की क्लास लगाते हुए सीएम योगी ने हंसते हुए कहा, लगता है अब समाज में बड़ा बदलाव आ गया है। छात्र अब घरों में झाड़ू-पोंछा ज्यादा करने लगे हैं या फिर उनके माता-पिता उनसे घर का कुछ ज्यादा ही काम कराने लगे हैं। मुमकिन है कि उन्हें बाजार से सब्जी लेने भेजा जाता हो या फिर वे घर के साथ-साथ मोहल्ले में भी झाड़ू लगा रहे हों। यही वजह है कि मेरिट लिस्ट में छात्र पिछड़ गए हैं और छात्राओं ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर शीर्ष स्थानों पर कब्जा जमाया है।
इसे भी पढ़ें: पुरुषोत्तम मास में गूंजेगी श्रीमद्भागवत कथा की अमृत वर्षा, 7 जून से भव्य आयोजन
छात्राओं से सीख लें छात्र, बेटियां ही बढ़ाएंगी देश का मान
मुख्यमंत्री ने लड़कियों के इस शानदार प्रदर्शन को एक सुखद और सकारात्मक संकेत बताया। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों को नसीहत देते हुए कहा कि लड़कों को अपनी सहपाठियों से प्रेरणा लेनी चाहिए। जब लड़कियां पारिवारिक जिम्मेदारियों को संभालते हुए भी बोर्ड परीक्षाओं में अव्वल आ सकती हैं और बेहतरीन अंक ला सकती हैं, तो लड़कों को कम से कम उनका अनुसरण (फॉलो) तो जरूर करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि इस रिजल्ट ने समाज को एक बहुत साफ संदेश दिया है कि ‘बेटी पढ़ेगी तो आगे बढ़ेगी’ और जब बेटी आगे बढ़ेगी, तभी हमारा देश और समाज प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा।
इसे भी पढ़ें: मंदाना करीमी ने हमेशा के लिए छोड़ा भारत, बोलीं- ईरान में बैन हैं
