Tata Motors ने लॉन्च की सबसे सस्ती कार 2026 Tiago Facelift और Tiago EV
Newschuski Digital Desk: देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स ने आखिरकार नई 2026 टियागो फेसलिफ्ट और टियागो ईवी फेसलिफ्ट को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस बार अपनी इस लोकप्रिय हैचबैक को पूरी तरह से नया रूप देते हुए इसे ज्यादा प्रीमियम, मॉडर्न और फीचर-लोडेड बनाने की पूरी कोशिश की है। नई टियागो की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 4.69 लाख रुपये रखी गई है, जबकि टियागो ईवी की शुरुआती कीमत 6.99 लाख रुपये से शुरू होती है।
नई टाटा टियागो फेसलिफ्ट का फ्रंट डिजाइन पहले से काफी शार्प और मॉडर्न दिखाई देता है। इसमें नई एलईडी हेडलाइट्स दी गई हैं, जिनके साथ आइब्रो-स्टाइल एलईडी डीआरएल मिलते हैं। ग्रिल के बीच में दी गई ग्लॉस ब्लैक स्ट्रिप कार को ज्यादा चौड़ा और स्पोर्टी लुक देती है। बंपर डिजाइन को भी पहले से अधिक आक्रामक (एग्रेसिव) बनाया गया है। वहीं, टियागो ईवी को और ज्यादा फ्यूचरिस्टिक लुक दिया गया है। इसमें क्लोज्ड बॉडी-कलर्ड ग्रिल, स्लिम एलईडी हेडलैंप्स और ईवी-स्पेसिफिक डिजाइन एलिमेंट्स दिए गए हैं। अब यह सिर्फ बैटरी वाली पेट्रोल कार नहीं, बल्कि एक असली इलेक्ट्रिक कार जैसी दिखती है।
नए अलॉय व्हील्स और प्रीमियम रियर डिजाइन
नई टियागो और टियागो ईवी दोनों में नए 15-इंच अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। ईवी वर्जन में एयरोडायनामिक डिजाइन वाले व्हील्स मिलते हैं, जो इसे ज्यादा फ्यूचरिस्टिक अपील देते हैं। कार में ग्लॉस ब्लैक फिनिश वाले ओआरवीएम और पिलर्स भी दिए गए हैं। ईवी मॉडल के फ्रंट दरवाजे पर ईवी बैजिंग भी मिलती है। रियर डिजाइन की बात करें तो दोनों कारों में नए एलईडी टेललैंप्स दिए गए हैं, जिन्हें लाल स्ट्रिप से कनेक्टेड लुक दिया गया है। इससे कार का पिछला हिस्सा ज्यादा प्रीमियम दिखता है। टियागो ईवी में अलग पहचान के लिए खास ‘टियागो.ईवी’ बैजिंग भी दी गई है।
नई टियागो का केबिन अब पहले से काफी ज्यादा प्रीमियम हो गया है। डैशबोर्ड को नई ड्यूल-टोन ब्लैक और ग्रे थीम में डिजाइन किया गया है, जिससे इंटीरियर ज्यादा मॉडर्न नजर आता है। कार में नया 10.25-इंच फ्री-फ्लोटिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जो डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले के साथ आता है। टियागो ईवी में नया टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मिलता है, जिस पर इल्यूमिनेटेड ‘टाटा.ईवी’ लोगो दिया गया है। वहीं पेट्रोल मॉडल में टाटा की नई कारों जैसा इल्यूमिनेटेड स्टीयरिंग व्हील मिलता है। इसके अलावा नए एसी वेंट्स, बेहतर फिनिश और ज्यादा प्रीमियम टेक्सचर भी दिए गए हैं।

वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो, 360-डिग्री कैमरा, वायरलेस चार्जिंग
नई टियागो और टियागो ईवी में ऐसे फीचर्स दिए गए हैं, जो इस सेगमेंट में कम ही देखने को मिलते हैं। दोनों कारों में वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले सपोर्ट वाला 10.25-इंच टचस्क्रीन सिस्टम दिया गया है। साथ ही डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस चार्जिंग, रियर एसी वेंट्स और टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट भी मिलते हैं। इसके अलावा ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, ऑटोमैटिक हेडलैंप्स और क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स भी शामिल किए गए हैं। इसमें प्रीमियम साउंड सिस्टम भी दिया गया है।
इसे भी पढ़ें: CM सिद्धारमैया का इस्तीफा तय, DK शिवकुमार होंगे कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री
सेफ्टी में कोई समझौता नहीं
सेफ्टी के मामले में भी टाटा ने इस बार कोई कमी नहीं छोड़ी है। नई टियागो में 360-डिग्री कैमरा दिया गया है, जो इस सेगमेंट में बहुत कम कारों में मिलता है। इसके अलावा 6 एयरबैग्स, एबीएस विद ईबीडी, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और रियर पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
इंजन की बात करें तो टियागो फेसलिफ्ट में वही 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलता है। इसके साथ फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी ऑप्शन भी दिया गया है। ग्राहक इसमें 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड एएमटी गियरबॉक्स का विकल्प चुन सकते हैं।
नई टाटा टियागो फेसलिफ्ट का मुकाबला अब मारुति सुजुकी स्विफ्ट, हुंडई ग्रैंड i10 निओस, सिट्रोन सी3, वैगनआर और सेलेरियो जैसी कारों से होगा। वहीं टियागो ईवी का मुकाबला एमजी कॉमेट ईवी और सिट्रोन ईसी3 जैसी सस्ती इलेक्ट्रिक कारों से माना जा रहा है। नए डिजाइन, हाईटेक फीचर्स और ईवी ऑप्शन के साथ अब टाटा की यह हैचबैक पहले से ज्यादा मजबूत दावेदार बन गई है। खास बात यह है कि कम कीमत में अब ग्राहकों को प्रीमियम कार जैसा अनुभव मिलने वाला है।
इसे भी पढ़ें: ताजमहल में भजन-कीर्तन के वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
