ट्रेनी महिला IPS ने साथी पर लगाया चुपके से प्राइवेट वीडियो बनाने का आरोप

Woman IPS Trainee Harassment

हैदराबाद: देश के शीर्ष पुलिस अधिकारियों को तराशने वाले प्रतिष्ठित संस्थान सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) से एक बेहद चौंकाने वाला और गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ प्रशिक्षण ले रही एक महिला आईपीएस ट्रेनी अधिकारी ने अपने ही साथी ट्रेनी ऑफिसर पर प्रताड़ना, ब्लैकमेलिंग और बिना सहमति के प्राइवेट वीडियो बनाने जैसे कई गंभीर और संगीन आरोप लगाए हैं।

पीड़ित महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर स्थानीय पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, मामले में नया मोड़ तब आया जब आरोपी ट्रेनी अधिकारी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Woman IPS Trainee Harassment

जून से प्रताड़ित करने का दावा

पीड़ित महिला ट्रेनी अधिकारी सुमा एचके की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रेनी ऑफिसर उदय कृष्णा रेड्डी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 66E (गोपनीयता का उल्लंघन) और आईटी एक्ट की धारा 67A (अश्लील सामग्री का प्रसारण) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, प्रताड़ना का यह सिलसिला 23 जून से शुरू हुआ था।

आरोपी उसे लगातार वॉट्सऐप पर अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेज रहा था। इसके अलावा, वह एकेडमी के अन्य साथी ट्रेनी अधिकारियों के सामने भी महिला अधिकारी के लिए भद्दे और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करता था। पीड़िता का आरोप है कि उदय कृष्णा उस पर किसी अन्य साथी अधिकारी के साथ संबंध (रिलेशनशिप) में होने का झूठा दबाव बनाता था और इसे स्वीकार करने के लिए मजबूर करता था।

जबरन फोन छीना और गले पर चाकू रखकर दी धमकी

शिकायत में महिला आईपीएस ट्रेनी ने आरोपी की हिंसक हरकतों का भी ब्यौरा दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने जबरन उनका फोन छीन लिया और चैट पढ़ने के लिए पासवर्ड बताने का दबाव बनाने लगा। हद तो तब हो गई जब 9 जुलाई को आरोपी ने रास्ते में उन्हें रोककर शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। आरोपी ने कथित तौर पर महिला अधिकारी के बाल खींचे, गला दबाने की कोशिश की और उनके गले पर चाकू रख दिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान आरोपी ने उनके ऊपर कंडोम के पैकेट भी फेंके और अगले दिन (10 जुलाई) उन्हें गलत तरीके से छुआ।

Woman IPS Trainee Harassment

प्राइवेट वीडियो वायरल करने की धमकी

महिला अधिकारी का सबसे गंभीर आरोप यह है कि उदय कृष्णा ने उनकी सहमति के बिना चुपके से उनके कुछ प्राइवेट वीडियो बना लिए हैं। अब वह इन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और उनका करियर बर्बाद करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। इस पूरे विवाद और पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद, आरोपी उदय कृष्ण रेड्डी ने खुद पर लगे सभी आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताया है।

इसे भी पढ़ें: दुष्कर्म पीड़िता को हाईकोर्ट के आदेश पर मिले गनर ने ही बनाया हवस का शिकार

रिपोर्ट्स के अनुसार, लोकलाज और कानूनी कार्रवाई के डर से आरोपी ने खुदकुशी करने की कोशिश की, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

इसे भी पढ़ें: त्रिपुरा के DGP अनुराग धनखड़ का पुलिस मुख्यालय में फंदे से लटका मिला शव

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...