खान सर पर रौशन आनंद ने अपनी ही छात्राओं का यौवन शोषण का लगाया आरोप
Gyan Bindu Coaching Controversy: पटना का बहुचर्चित खान सर बनाम ज्ञान बिंदु कोचिंग विवाद एक बार फिर से सुर्खियों में आ गया है। अदालत से राहत मिलने के बाद खान सर (फैजल खान) का एक नया पॉडकास्ट वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों, अपने वास्तविक नाम और 2 जून को हुई फायरिंग की घटना पर खुलकर अपना पक्ष रखा।
इस पॉडकास्ट के वायरल होते ही ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद ने भी एक वीडियो जारी कर खान सर पर बेहद गंभीर और निजी आरोप लगाए हैं। हालांकि, रौशन आनंद द्वारा लगाए गए इन आरोपों की कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस पर किसी अदालत का फैसला आया है, लेकिन इस जुबानी जंग ने बिहार के कोचिंग जगत में हलचल तेज कर दी है।
बिहार के चर्चित शिक्षकों खान सर और रौशन आनंद के बीच जुबानी जंग ने बेहद गंभीर मोड़ ले लिया है। रौशन आनंद ने एक वीडियो जारी कर खान सर (फैजल खान) पर कई छात्राओं के शारीरिक शोषण और उनकी जिंदगी बर्बाद करने के संगीन आरोप लगाए हैं। #KhanSir #RoushanAnand pic.twitter.com/SPnFy0rtLS
— Sunil Pandey (@Sunilpandeyjee) July 19, 2026
पॉडकास्ट में खान सर ने नाम और फायरिंग पर दी सफाई
पत्रकार शुभांकर मिश्रा के साथ बातचीत में खान सर ने अपने नाम को लेकर चल रहे विवाद को शांत करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उनके छात्र उन्हें ‘खान सर’ के नाम से ही जानते हैं और आगे भी इसी नाम से पुकारेंगे। उन्होंने मजाकिया लहजे में बताया कि उनकी शादी हो चुकी है और ससुराल में लोग उन्हें फैजल खान कहते हैं। 2 जून को हुई हिंसक झड़प और फायरिंग पर सफाई देते हुए खान सर ने दावा किया कि उनके कोचिंग परिसर के गार्ड चुनचुन के साथ 15-20 लोग मारपीट कर रहे थे, और उसकी जान बचाने के लिए उनके बॉडीगार्ड ने हवाई फायरिंग की थी। इस दौरान खान सर ने रौशन आनंद के दिवंगत भाई प्रिंस का जिक्र करते हुए उन पर कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात भी कही।
रौशन आनंद का तीखा हमला
खान सर के इस बयान के बाद ज्ञान बिंदु के संचालक रौशन आनंद का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि खान सर ने उनके दिवंगत भाई पर निजी टिप्पणी करके लक्ष्मण रेखा पार की है, इसलिए अब वह भी चुप नहीं बैठेंगे। रौशन आनंद ने खान सर के चरित्र पर सीधे उंगली उठाते हुए कई गंभीर आरोप मढ़े। उन्होंने अपने वीडियो में वंदना, हुस्नारा, आरती और अमृता नाम की महिलाओं का जिक्र करते हुए पूछा, क्या आपने इन लड़कियों का जीवन बर्बाद नहीं किया? क्या आप हाजीपुर के अनामिका होटल नहीं जाते थे? रौशन आनंद ने गुस्से में यहां तक कह दिया कि खान सर शिक्षक के भेष में राक्षस हैं। फिलहाल, खान सर की तरफ से इन नए आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इसे भी पढ़ें: ट्रेनी महिला IPS ने साथी पर लगाया चुपके से प्राइवेट वीडियो बनाने का आरोप
बैनर की लड़ाई से शुरू हुआ था बवाल
इस पूरे विवाद की जड़ 2 जून को पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में हुए एक वाकये से जुड़ी है। दरअसल, खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग एक ही गली में स्थित हैं। उस दिन दोनों संस्थानों ने बिहार पुलिस में चयनित छात्रों के सम्मान में कार्यक्रम रखा था। आरोप है कि ज्ञान बिंदु के बैनर के ऊपर खान सर की कोचिंग का बैनर लगा दिया गया, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई।
यह मामूली बहस देखते ही देखते पत्थरबाजी और फायरिंग में बदल गई। जहां खान सर इसे आत्मरक्षा में की गई फायरिंग बता रहे हैं, वहीं रौशन आनंद का आरोप है कि मामले को तूल देने के लिए जानबूझकर गोलीबारी की गई। फिलहाल दोनों ओर से सोशल मीडिया पर जंग जारी है और मामले की अंतिम सच्चाई पुलिस जांच व अदालती कार्यवाही के बाद ही साफ होगी।
इसे भी पढ़ें: दुष्कर्म पीड़िता को हाईकोर्ट के आदेश पर मिले गनर ने ही बनाया हवस का शिकार
