लखनऊ में 71.44 लाख की कफ सिरप, ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम बरामद, अंतरराष्ट्रीय गिरोह के 6 तस्कर गिरफ्तार

Codeine Syrup Seized Lucknow

Lucknow News: एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की लखनऊ ऑपरेशनल यूनिट ने अवैध नशीली दवाओं के कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी चोट की है। एएनटीएफ की टीम ने लखनऊ के ट्रांसपोर्टनगर स्थित कन्हैया फार्मा पर छापेमारी कर 6 सक्रिय दवा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कोडीन युक्त कफ सिरप, भारी मात्रा में प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल और अल्प्राजोलम गोलियां बरामद की हैं, जिनकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 71 लाख 44 हजार रुपये आंकी गई है।

प्रतिबंधित ड्रग्स का जखीरा बरामद

एएनटीएफ लखनऊ यूनिट ने ड्रग इंस्पेक्टरों की संयुक्त टीम के साथ मिलकर इस सफल कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान मौके से 720 बोतल कोडीन युक्त ONEREX कफ सिरप, 1 लाख 20 हजार SPASMONAM PLUS (Tramadol) कैप्सूल और 9 लाख 60 हजार ALZOMAC-0.5 (Alprazolam) की प्रतिबंधित गोलियां जब्त की गईं। इसके अलावा तस्करों के पास से 7 मोबाइल फोन और 11,140 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

लखनऊ, कानपुर और आजमगढ़ के 6 तस्कर दबोचे गए

पुलिस महानिदेशक और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान किशन वासवानी (अमीनाबाद, लखनऊ), समीर अहमद (कानपुर देहात), शाद इरशाद (मदैगंज, लखनऊ), उमेश कुमार (आसियाना, लखनऊ), सतेन्द्र सिंह (आजमगढ़) और विशाल चौरसिया (राजाजीपुरम, लखनऊ) के रूप में हुई है। तस्करों के खिलाफ लखनऊ कमिश्नरेट के सरोजनी नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/21/22/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इसे भी पढ़ें: श्रीनगर एयरपोर्ट पर की फ्लाइट लैंडिंग के बाद पोल से टकराई, सभी सुरक्षित

पुलिस की कड़ी पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने कबूला कि वे सब मिलकर अवैध नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री का काला कारोबार करते थे। वे इन प्रतिबंधित दवाओं की खेप को ऊंची कीमतों पर अलग-अलग पार्टियों को सप्लाई करते थे और उससे मिलने वाले मोटे मुनाफे को आपस में बांटकर अपने महंगे शौक पूरे करते थे। एएनटीएफ अब इस गिरोह के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की पड़ताल कर रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े दवा माफियाओं और सप्लायरों तक पहुंचा जा सके।

इसे भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर पुरानी यादों में खोईं देसी गर्ल

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...