प्रमिती राणा के सिर सजा मिस यूनिवर्स दिल्ली 2026 का ताज, अब मिस यूनिवर्स इंडिया के नेशनल फिनाले में दिखाएंगी जलवा
Miss Universe Delhi 2026: देश की राजधानी दिल्ली की युवा और प्रतिभावान मॉडल प्रमिती राणा ने ग्लैमर जगत में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रमिती ने अपनी खूबसूरती, हाजिरजवाबी और आत्मविश्वास के दम पर मिस यूनिवर्स दिल्ली 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया है। इस शानदार जीत के साथ ही उन्होंने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में बतौर फाइनलिस्ट अपनी जगह पूरी तरह पक्की कर ली है। अब वह नेशनल स्टेज पर दिल्ली का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी।
कड़े मुकाबले में दिग्गजों को किया प्रभावित
दिल्ली में आयोजित आधिकारिक राज्य स्तरीय ऑडिशन में बड़ी संख्या में खूबसूरत और टैलेंटेड कंटेस्टेंट्स ने हिस्सा लिया था। सभी प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनकी पर्सनैलिटी, कम्युनिकेशन स्किल, कॉन्फिडेंस, प्रेजेंटेशन और नॉलेज के आधार पर किया गया।
इस कड़े मुकाबले को जज करने के लिए पैनल में मिस यूनिवर्स इंडिया के संस्थापक निखिल आनंद, मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 माणिका विश्वकर्मा और मिस यूनिवर्स इंडिया के निदेशक निशांत आनंद जैसे दिग्गज मौजूद थे। प्रमिती ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से जजों को मंत्रमुग्ध कर विनर की ट्रॉफी और ताज अपने नाम किया।
खिताब जीतने के बाद प्रमिती ने बयां की दिल की बात
ताज पहनने के बाद प्रमिती राणा ने अपनी खुशी साझा करते हुए कहा, यह उपलब्धि मेरे कई सालों की कड़ी मेहनत, समर्पण और खुद पर विश्वास का नतीजा है। यह जीत मेरे इस कठिन सफर का एक बेहद अहम पड़ाव है। मैं इस खूबसूरत मंच का इस्तेमाल अन्य युवा लड़कियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करने में करना चाहती हूँ।
प्रमिती ने आगे बताया कि उन्हें पहले भी कई प्रतिष्ठित ब्रांड्स के साथ काम करने का अवसर मिल चुका है, जिसने उनके पेशेवर कौशल और रैंप वॉक को निखारने में बड़ी मदद की।
कौन हैं प्रमिती राणा
दिल्ली के द्वारका सेक्टर-14 की रहने वाली 20 वर्षीय प्रमिती राणा का प्रोफाइल बेहद दिलचस्प और प्रेरणादायक है। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई दिल्ली के मशहूर एमबीएस इंटरनेशनल स्कूल से पूरी की। शिक्षा के बाद उन्होंने एविएशन (उड्डयन) सेक्टर को चुना और वर्तमान में वे इंडिगो (IndiGo) एयरलाइंस में बतौर केबिन अटेंडेंट कार्यरत हैं। प्रमिती सिर्फ केबिन अटेंडेंट ही नहीं, बल्कि कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) की ट्रेनिंग भी ले रही हैं। उनका सपना आसमान में उड़ने का है और वे एविएशन और फैशन दोनों दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाना चाहती हैं।
View this post on Instagram
डांस और स्केटिंग की भी हैं शौकीन
प्रमिती बचपन से ही परफॉर्मिंग आर्ट्स में एक्टिव रही हैं। उन्हें एक्टिंग और डांस का बेहद शौक है और उन्होंने पांच अलग-अलग डांस फॉर्म्स की बकायदा ट्रेनिंग ली है। इसके अलावा वे स्केटिंग में भी माहिर हैं। फैशन इंडस्ट्री में भी उनका अच्छा-खासा अनुभव है। वे कमर्शियल विज्ञापनों से लेकर नामी ब्रांड्स के लिए रनवे मॉडलिंग भी कर चुकी हैं।
इसे भी पढ़ें: तमन्ना भाटिया का ब्लैकपिंक स्टार लीजा संग वायरल हुआ वीडियो
सुष्मिता-लारा को मानती हैं प्रेरणा
मिस यूनिवर्स इंडिया के संस्थापक निखिल आनंद ने बताया कि दिल्ली लगातार तीसरे साल इस प्रतिष्ठित स्टेट लेवल ऑडिशन की मेजबानी कर रहा है, जहाँ के विजेताओं को नेशनल फिनाले में सीधा प्रवेश मिलता है। वहीं, मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 माणिका विश्वकर्मा ने प्रमिती की तारीफ करते हुए कहा कि उनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने की पूरी क्षमता है। भारत के लिए मिस यूनिवर्स का मंच हमेशा से गौरवशाली रहा है। साल 1994 में सुष्मिता सेन और साल 2000 में लारा दत्ता ने यह वैश्विक खिताब जीतकर इतिहास रचा था। अब प्रमिती राणा भी इसी ऐतिहासिक राह पर आगे बढ़ने के लिए कमर कस चुकी हैं।
इसे भी पढ़ें: कास्टिंग काउच स्कैम की शिकार होने से बाल-बाल बची थीं फरहाना भट्ट
