AAP नेता से शादी के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी, पत्नी जेवरात लेकर फरार, 6 पर FIR

Amarinder Singh Mandofal

Fatehgarh Sahib News: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और मार्केट कमेटी सरहिंद के चेयरमैन अमरिंदर सिंह मंडोफल के साथ करोड़ों की जालसाजी का मामला सामने आया है। नेता का आरोप है कि एक महिला और उसके परिजनों ने महिला को अविवाहित और पंजाब सिविल सेवा (PCS) अधिकारी बताकर शादी रचाई। शादी के कुछ ही महीनों बाद महिला घर में रखे सोने-चांदी के बहुमूल्य जेवरात और अन्य कीमती सामान बटोर कर रफूचक्कर हो गई।

अमरिंदर सिंह के अनुसार, यह हाई-प्रोफाइल विवाह फरवरी 2026 में बेहद धूमधाम से संपन्न हुआ था, जिसमें पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां और कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध सहित कई बड़े राजनीतिक दिग्गज शामिल हुए थे। शादी के बाद जब सच्चाई सामने आई, तो पता चला कि महिला पहले से शादीशुदा और तलाकशुदा थी, तथा उसका करीब 18 साल का एक बेटा भी है, जिसकी बात शादी से पहले पूरी तरह छिपा कर रखी गई थी।

Amarinder Singh Mandofal

पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला

पीड़ित AAP नेता का आरोप है कि महिला की असली उम्र छुपाने के लिए उसके शैक्षणिक व व्यक्तिगत दस्तावेजों के साथ गंभीर छेड़छाड़ और जालसाजी की गई। झूठी पहचान और फर्जी कागजातों के आधार पर उन्हें धोखे में रखकर शादी के लिए राजी किया गया था। इस मामले की भनक लगते ही नेता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

इसे भी पढ़ें: FBI निदेशक काश पटेल ने 19 साल छोटी सिंगर एलेक्सिस विल्किंस से की सगाई

फतेहगढ़ साहिब थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 अक्टूबर 2026 को एफआईआर संख्या 240 दर्ज की है। यह कार्रवाई भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) के तहत की गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी मनविंदर कौर, उसके भाई तरलोचन सिंह, भाभी रुपिंदर कौर, मां वरिंदरजीत कौर, चचेरे भाई नरिंदर सिंह गोल्डी और पूर्व सरपंच सुरिंदर सिंह राणा समेत कुल 6 लोगों को नामजद किया है। सभी आरोपी तरनतारन जिले के सुरसिंह गांव (थाना भिखीविंड) के निवासी हैं और पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।

इसे भी पढ़ें: DLF मॉल ऑफ इंडिया में महिला पर चोरी का आरोप, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...