धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का श्रेय लेने की होड़, सपा कार्यालय के बाहर लगी होर्डिंग्स
Lucknow News: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के अपने पद से इस्तीफा देने के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सियासी पारा चढ़ गया है। रविवार को विक्रमादित्य मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्य मुख्यालय के बाहर एक विशाल होर्डिंग लगाया गया। इस होर्डिंग में शिक्षा मंत्री के त्यागपत्र को छात्रों के निडर आंदोलन और जनता की एकजुट ताकत का ऐतिहासिक परिणाम बताया गया है। सपा दफ्तर के बाहर लगी यह होर्डिंग दिन-रात प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के प्रति धन्यवाद प्रकट करती है, जो अब पूरे प्रदेश के राजनीतिक हलकों में सुर्खियों में है।
सपा कार्यालय के बाहर लहराते इन पोस्टरों में इस आंदोलन की कामयाबी का सेहरा युवाओं, जनता और पार्टी के एकजुट प्रयासों के सिर बांधा गया है। विशेष रूप से सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव के मार्गदर्शन व समर्थन का आभार जताया गया है। संदेश साफ है युवाओं के अधिकारों, न्याय और जनहित के मुद्दों पर समाजवादी पार्टी आगे भी इसी तेवर के साथ सड़कों पर हुंकार भरती रहेगी।
इसे भी पढ़ें: ऑटो में किशोरी से दरिंदगी करने दोनों आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
यह होर्डिंग केवल एक धन्यवाद पत्र नहीं, बल्कि भविष्य में भी सामाजिक न्याय और लोकहित की लड़ाई जारी रखने का एक मजबूत संकल्प है। इसे लोकतांत्रिक अधिकारों की बड़ी जीत मानते हुए जनता के भरोसे को पार्टी की असली पूंजी बताया गया है। गौरतलब है कि यह चर्चा बटोरने वाला पोस्टर प्रतापगढ़ के सपा नेता हल्लूराम सुंदर यादव की ओर से लगवाया गया है।
इसे भी पढ़ें: मिरेकल ट्विन्स: द सीक्रेट के आकर्षण के सिद्धांत का जीवित प्रमाण है यह वास्तविक दास्तान
