लखनऊ में गाड़ी खड़ी करने के विवाद में RSS नेता, उनके भाई और बेटे की गोली मारकर हत्या

Lucknow Triple Murder News

Lucknow Triple Murder News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मामूली विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया। सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता (ब्राह्मणी टोला) इलाके में मंदिर के पास गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इस कदर बढ़ा कि एक सिरफिरे युवक ने अंधाधुंध ताबड़तोड़ फायरिंग कर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के नेता समेत उनके परिवार के तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया। दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर की इस खौफनाक वारदात से पुलिस प्रशासन और प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मंदिर के बाहर गाड़ी पार्क करने पर हुआ विवाद

सआदतगंज के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला निवासी आरएसएस नेता शिवाजी तिवारी (65), अपने छोटे भाई शिवेंद्र तिवारी (55) और बेटे सुयश तिवारी (28) के साथ रहते थे। सोमवार सुबह उनके घर के सामने स्थित मंदिर के पास गाड़ी खड़ी करने को लेकर पड़ोसी ऋषभ शुक्ला से कहासुनी हो गई।

देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्साया ऋषभ अपने घर के अंदर गया और अपनी पिस्टल लेकर बाहर आ गया। उसने बिना कुछ सोचे-समझे तिवारी परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। गोलियां लगने से शिवाजी तिवारी और उनके बेटे सुयश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल भाई शिवेंद्र ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

Lucknow Triple Murder News

नौसेना का जवान निकला आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जेसीपी क्राइम अपर्णा, डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव, बाजारखाला एसीपी रंजीत कुमार समेत सआदतगंज, बाजारखाला और तालकटोरा थानों की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी ऋषभ शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ऋषभ नेवी (भारतीय नौसेना) का जवान बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से भी कुछ विवाद चल रहा था, और सोमवार को गाड़ी खड़ी करने की बात पर अचानक मामला बेकाबू हो गया।

इसे भी पढ़ें: आंध्र-ओडिशा पर चक्रवात अर्नब का संकट, 28 अक्टूबर को काकीनाडा से टकराने की आशंका

आरएसएस और राजनीतिक गलियारों में शोक व आक्रोश

मारे गए शिवाजी तिवारी आरएसएस के वरिष्ठ कार्यकर्ता थे और पूर्व में लखनऊ पश्चिम के सह-जिला कार्यवाह रह चुके थे। इसके अलावा वह हाइडिल (बिजली विभाग) से सेवानिवृत्त पीए (PA) थे। उनके छोटे भाई शिवेंद्र तिवारी लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) में बाबू के पद पर कार्यरत थे, जबकि शिवाजी का बेटा सुयश बिजली का काम संभालता था और बाजारखाला में उसकी लाइट एंड साउंड की दुकान थी। आरएसएस नेता और उनके परिजनों की इस तरह निर्मम हत्या से पूरे इलाके में गहरा तनाव और आक्रोश व्याप्त है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

इसे भी पढ़ें: रामायण का दूसरा गाना मंगल रंग रिलीज, शादी की खूबसूरत झलक

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...