एनएचएम संविदाकर्मियों को मिलेगी 16 दिन की स्पेशल लीव, योगी सरकार ने लागू किए नए अवकाश नियम

up cabinet expansion

UP NHM Contractual Workers Leave Rules: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और संविदाकर्मियों के हित में दो बड़े और महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। एक तरफ जहां राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत कार्यरत हजारों संविदा कर्मचारियों के लिए विशेष अवकाश (स्पेशल लीव) से जुड़े नियमों में ढील देते हुए नए प्रावधान लागू कर दिए गए हैं, वहीं दूसरी ओर परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में चल रही 11,508 सहायक अध्यापक भर्ती में शिक्षामित्रों को अधिकतम 60 वर्ष की आयु सीमा तक आवेदन करने की बड़ी राहत दी गई है।

NHM संविदाकर्मियों को मिलेगी 16 दिन की स्पेशल लीव

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की स्टेट यूनिट द्वारा जारी ताजा आदेश के अनुसार, संविदा कर्मचारियों को अब साल में अधिकतम 16 दिनों का विशेष अवकाश (Special Leave) मिल सकेगा। मिशन की राज्य कार्यक्रम प्रबंधन इकाई ने अपनी मानव संसाधन (HR) नीति में मेडिकल और विशेष लीव से जुड़े प्रावधानों में संशोधन कर दिया है। कर्मचारी स्वयं की शादी, बेटे-बेटी अथवा भाई-बहन की शादी के अलावा परिवार में किसी सदस्य की मृत्यु, गंभीर बीमारी या अस्पताल में भर्ती होने (हॉस्पिटलाइजेशन) जैसी आकस्मिक स्थितियों में यह विशेष छुट्टी ले सकेंगे।

विशेष अवकाश प्राप्त करने के लिए कर्मचारियों को ठोस कारण और आवश्यक समय-सीमा का उल्लेख करते हुए आवेदन करना होगा। इसके साथ ही छुट्टी की स्वीकृति व लीव बैलेंस के हिसाब से संबंधित स्थिति का प्रमाण (जैसे चिकित्सा प्रमाण पत्र, अस्पताल रिकॉर्ड, डेथ सर्टिफिकेट या शादी का कार्ड/प्रमाण पत्र) विभाग में अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।

इसे भी पढ़ें: सीएम योगी बोले- विरासत में गद्दी मिल सकती है, बुद्धि नहीं

11,508 सहायक शिक्षक भर्ती, शिक्षामित्र 60 साल की उम्र तक कर सकेंगे आवेदन

बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़ी दूसरी बड़ी खबर में, परिषदीय प्राथमिक स्कूलों के नगर क्षेत्रों में की जा रही 11,508 सहायक अध्यापकों की चयन व नियुक्ति प्रक्रिया में शिक्षामित्रों के लिए आयु सीमा में भारी छूट देने का आदेश जारी किया गया है। अपर मुख्य सचिव (बेसिक व माध्यमिक शिक्षा) पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव को इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश भेज दिए गए हैं।

गौरतलब है कि 69 हजार शिक्षक भर्ती मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को शिक्षामित्रों को अगली चयन प्रक्रिया में एक और अवसर (मौका) देने पर विचार करने के निर्देश दिए थे। राज्य में शिक्षामित्रों की सेवानिवृत्ति की आयु सीमा 60 वर्ष निर्धारित है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अनुपालन करते हुए सरकार ने निर्णय लिया है कि शिक्षामित्र 60 वर्ष की आयु तक भी इस 11,508 भर्ती में आवेदन कर सकेंगे। वहीं, इस भर्ती में सामान्य अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 1 जुलाई को 21 वर्ष से 40 वर्ष तय की गई है।

इसे भी पढ़ें: घर पर मनेगी आशीष मिश्रा की दिवाली

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...