हसीन जहां की खुली चुनौती, जहाँ से चुनाव लड़ेंगे शमी, वहीं से ठोकूंगी ताल

Hasin Jahan

UP Assembly Election 2027: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की राजनीति में संभावित एंट्री की खबरों के बीच उनकी पूर्व पत्नी हसीन जहां ने बड़ा सियासी दांव चल दिया है। उन्होंने ऐलान किया है कि उत्तर प्रदेश की अमरोहा सदर विधानसभा सीट से अगर मोहम्मद शमी या उनके परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव लड़ता है, तो वह उनके खिलाफ ही मैदान में उतरेंगी। हसीन जहां ने साफ कहा कि यदि उन्हें किसी राजनीतिक दल से टिकट नहीं मिलता, तब भी वह निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर शमी के सामने चुनाव लड़कर मुकाबला करेंगी।

जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद गरमाया सियासी पारा

हाल ही में मोहम्मद शमी ने राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से दिल्ली में मुलाकात की थी। जयंत चौधरी द्वारा सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीर साझा करने के बाद से ही शमी के अमरोहा सदर से चुनाव लड़ने की अटकलों ने जोर पकड़ लिया। चर्चा है कि भाजपा-रालोद गठबंधन शमी या उनके बड़े भाई मोहम्मद हसीब को इस मुस्लिम बहुल सीट से मैदान में उतार सकता है। बता दें कि अमरोहा का सहसपुर अलीनगर गांव शमी का पैतृक निवास है और उनके माता-पिता ग्राम प्रधान भी रह चुके हैं।

मोहम्मद शमी और हसीन जहां का रिश्ता साल 2018 में सार्वजनिक हुए भारी विवाद के बाद टूट गया था। इसके बाद हसीन जहां ने शमी और उनके परिजनों पर घरेलू हिंसा और उत्पीड़न जैसे कई गंभीर आरोप लगाए थे। फिलहाल कोलकाता हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक शमी अपनी पत्नी और बेटी के गुजारा भत्ते के लिए प्रतिमाह ₹4 लाख दे रहे हैं, जिसे बढ़ाने की मांग को लेकर हसीन जहां ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की हुई है।

इसे भी पढ़ें: पितृपक्ष में क्षौर कर्म निषेध!

चुनाव से पहले अमरोहा में बना दिलचस्प समीकरण

हालांकि, अभी तक न तो मोहम्मद शमी और न ही उनके परिवार की ओर से चुनाव लड़ने की कोई आधिकारिक घोषणा की गई है। इसके बावजूद, हसीन जहां के आक्रामक रुख ने अमरोहा की राजनीति में हलचल मचा दी है। अमरोहा सदर सीट को लंबे समय से समाजवादी पार्टी के नेता महबूब अली का गढ़ माना जाता है। ऐसे में यदि शमी परिवार और हसीन जहां दोनों एक ही सीट से चुनावी समर में आमने-सामने आते हैं, तो आगामी 2027 चुनाव का मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है।

इसे भी पढ़ें: इजराइल ने महिलाओं के अपहरण में शामिल हमास आतंकी को किया ढेर

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...