फाजिलनगर अब पावागढ़, सीएम योगी ने बदला नाम, बोले- विरासत से गौरव का रिश्ता जोड़ने का समय आया
Kushinagar News: कुशीनगर में एक जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया। उन्होंने घोषणा की कि कुशीनगर का फाजिलनगर अब पावागढ़ कहलाएगा। यह बदलाव क्षेत्र की धार्मिक चेतना को पुनर्स्थापित करने वाला बताया जा रहा है। सीएम ने कहा कि भगवान महावीर से जुड़ी धरती को फाजिल कहना उचित नहीं, इसलिए अब इसकी पहचान पावागढ़ के गौरवशाली नाम से होगी।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला। योगी ने आरोप लगाया कि पहले माफियाओं की मनमानी और बीमारियों का कहर देखने को मिलता था, लेकिन अब डबल इंजन सरकार ने सबकी जड़ें खोद दी हैं। उन्होंने दावा किया कि कभी दहशत फैलाने वाले माफिया और बीमारियाँ फैलाने वाले मच्छर, दोनों ही प्रदेश से लगभग गायब हो चुके हैं। कुशीनगर के 90 हजार गरीबों को पक्के घर मिलने का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे सरकार की जनकल्याणकारी सोच का प्रमाण बताया।
इसे भी पढ़ें: अमेरिका में भारत व हिंदू विरोधी ताकतें फिर सक्रिय
इतना ही नहीं, सीएम ने अयोध्या का उदाहरण देते हुए कहा कि 498 साल पहले एक आक्रांता ने रामलला के स्थान को क्षतिग्रस्त किया था, लेकिन आज डबल इंजन की सरकार आने के बाद ही वहां भव्य मंदिर बन पा रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे प्रतिनिधियों को चुनें जो विकास, रोजगार और सुरक्षा के पैमाने पर खरे उतरें।
इसे भी पढ़ें: UP ATS ने आजमगढ़ से दबोचा ISI का स्लीपर सेल
