किशोरी को 50 रुपये की लालच देकर नशेड़ियों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। छर्रा थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात दो दरिंदों ने 14 वर्षीय एक किशोरी के साथ बर्बरतापूर्वक सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी किशोरी को 50 रुपये और मोबाइल फोन का लालच देकर बाइक पर बैठाकर अपने गांव ले गए थे।
चीख-पुकार सुनकर जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, तो किशोरी बदहवास और बेहोशी की हालत में मिली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज (JN Medical College) में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया है।
पीड़ित पिता के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5 बजे उनकी बेटी बाजार से सब्जी लेने गई थी। काफी देर तक जब वह नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान एक राहगीर से सुराग मिला कि दो युवक बच्ची को दूसरे गांव की तरफ ले गए हैं। बाद में पता चला कि पड़ोस के गांव के रहने वाले किशन गोपाल और संजू ने किशोरी को हवस का शिकार बनाया है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों को दबोचा
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी और पीड़िता एक-दूसरे से पूरी तरह अनजान थे। आरोपी अत्यधिक शराब के नशे में थे और सब्जी लेने आई किशोरी को देखकर उनकी नीयत बिगड़ गई। वे उसे बहला-फुसलाकर करीब 4 किलोमीटर दूर अपने गांव ले गए, जहां उन्होंने किशोरी को जबरन शराब पिलाई और फिर बारी-बारी से इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। दरिंदों ने किशोरी के साथ इस कदर बर्बरता की कि उसके पूरे चेहरे और शरीर पर चोट व काटने के गंभीर निशान मिले हैं।
इसे भी पढ़ें: आईबी अफसर अंकित शर्मा हत्याकांड में ताहिर हुसैन समेत 5 दोषी करार
जब किशोरी के चीखने की आवाजें आईं, तो ग्रामीणों को शक हुआ। लोग जब मौके पर पहुंचे तो दोनों आरोपी आपत्तिजनक और अत्यधिक नशे की हालत में मिले। इस कदर दरिंदगी देखकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपियों को घेरकर दबोच लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
इसे भी पढ़ें: इंग्लैंड को 270 रनों से रौंदकर भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास
