बस्ती में पवन सिंह के कांवड़ महोत्सव में बाउंसर ने फैन को स्टेज से फेंका तो पावर स्टार ने ऐसे जीता दिल
Pawan Singh Basti Kanwar Mahotsav: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और ‘पावर स्टार’ के नाम से मशहूर पवन सिंह की दीवानगी और उनकी फैन फॉलोइंग का एक बेहद चौंकाने वाला और भावुक कर देने वाला नजारा रविवार शाम उत्तर प्रदेश के बस्ती में देखने को मिला। मौका था मां शांति सेवा संस्थान द्वारा आयोजित भव्य कांवड़ महोत्सव का, जहां पवन सिंह की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा कार्यक्रम स्थल छोटा पड़ गया। बताया जा रहा है कि इस महोत्सव में करीब डेढ़ लाख से अधिक लोग पहुंचे थे। हालांकि, दर्शकों के अत्यधिक उत्साह और बेकाबू हुई भीड़ के बीच एक ऐसी घटना घटी, जिसके बाद पवन सिंह का रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान जैसे-जैसे पवन सिंह की परफॉर्मेंस का खुमार लोगों पर चढ़ा, दर्शकों और कांवड़ियों का एक्साइटमेंट इस कदर बढ़ा कि वे सुरक्षा घेरे और बैरियर तोड़कर सीधे मंच की तरफ बढ़ने लगे। देखते ही देखते आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और लाठियों तथा मशक्कत के बल पर अनियंत्रित भीड़ को पीछे धकेला।
फैन को बाउंसर ने स्टेज से नीचे फेंका
इसी आपाधापी के बीच मंच पर एक बड़ा ड्रामा देखने को मिला। पवन सिंह जब स्टेज पर परफॉर्म कर रहे थे, तभी सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर एक भावुक फैन सीधे मंच पर चढ़ गया। उस युवा फैन के हाथों में पवन सिंह और उनकी मां की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर थी, जिसे वह अपने चहेते कलाकार को भेंट करना चाहता था। जैसे ही वह पवन सिंह के करीब पहुंचने लगा, वहां मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों और बाउंसर्स ने उसे दबोच लिया और बेरहमी से खींचकर स्टेज से नीचे फेंक दिया।
सुरक्षाकर्मियों का यह रुखा व्यवहार पवन सिंह को बिल्कुल पसंद नहीं आया। जैसे ही पवन सिंह की नजर उस युवक और उसके हाथ में मौजूद मां के साथ वाली तस्वीर पर पड़ी, उन्होंने तुरंत गाना रोक दिया। पावर स्टार ने कड़ा रुख अपनाते हुए बाउंसर को रोका और नीचे फेंके गए उस फैन को पूरे सम्मान के साथ वापस मंच पर बुलाया।
युवक को स्टेज से नीचे गिराया! 😱
भोजपुरी के ‘पावरस्टार’ और BJP नेता Pawan singh के कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक को उठाकर स्टेज से नीचे गिराया जा रहा है। इसके बाद पवन सिंह ने युवक को दोबारा स्टेज पर बुलाया📍बस्ती, यूपी 👇 pic.twitter.com/pYZuwIdRgJ
— Journalist Ravendra kumar (@Chhotukingoffi1) August 9, 2026
फैंस बोले- ऐसे ही नहीं कहते पावर स्टार
पवन सिंह ने न केवल उस फैन को बड़े प्यार से अपने पास बुलाया और उसकी लाई हुई तस्वीर स्वीकार की, बल्कि उसे गले लगाकर उसके साथ कई तस्वीरें भी क्लिक करवाईं। अपने पसंदीदा स्टार का यह अलौकिक प्यार और सम्मान पाकर वह फैन भावुक हो गया। यह पूरा वाकया वहां मौजूद हजारों लोगों ने अपनी आंखों से देखा और पवन सिंह के इस अंदाज़ पर पूरा पंडाल पवन सिंह जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा।
इसे भी पढ़ें: लखनऊ में फंदे से झूला कांस्टेबल तो इटावा में महिला सिपाही ने खाया जहर
इस घटना के कई वीडियोज अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। पवन सिंह की इस दरियादिली और फैंस के प्रति उनके जुड़ाव की लोग खुलकर तारीफ कर रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स और प्रशंसकों का कहना है कि पवन सिंह को यूं ही भोजपुरी इंडस्ट्री का पावर स्टार नहीं कहा जाता, वे अपने हर चाहने वाले को अपने परिवार के सदस्य की तरह मानते हैं। वहीं, हंगामे के बीच पवन सिंह ने अपने एक से बढ़कर एक शिव भजनों से बस्ती के इस महोत्सव में देर रात तक समां बांधे रखा।
इसे भी पढ़ें: जेपीएससी-जेएसएससी धांधली को लेकर छात्रों का मार्च
