UP Police में हड़कंप: लखनऊ में फंदे से झूला कांस्टेबल तो इटावा में महिला सिपाही ने खाया जहर

UP Police Constable Suicide

Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। राज्य में महज कुछ ही घंटों के अंतराल पर पुलिस विभाग में तैनात दो सिपाहियों—एक महिला और एक पुरुष—ने आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पहली घटना राजधानी लखनऊ की है, जहां थाने की बैरक के भीतर ही एक सिपाही ने पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। वहीं दूसरी सनसनीखेज वारदात इटावा में हुई, जहां पुलिस लाइन में रहने वाली एक महिला कांस्टेबल ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाकर सुसाइड कर लिया। दो-दो वर्दीधारियों की अचानक हुई मौत से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

गोमतीनगर थाने की बैरक में फंदे से लटके मिले 26 वर्षीय सिपाही आकाश

लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर थाने की बैरक में फांसी लगाकर खुदकुशी करने वाले सिपाही की पहचान 26 वर्षीय आकाश यादव के रूप में हुई है। मूल रूप से बिजनौर जिले के चांदपुर खेड़की गांव निवासी आकाश वर्ष 2019 बैच के सिपाही थे और वर्तमान में गोमतीनगर थाने की क्राइम टीम में तैनात थे। गोमतीनगर इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी के अनुसार, अविवाहित आकाश अपने छह अन्य साथी सिपाहियों के साथ बैरक में रहते थे। रविवार शाम जब उनका साथी सिपाही सतीश खरवार बैरक पहुंचा तो कमरा अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांककर देखने पर आकाश चादर के सहारे पंखे से लटकते दिखाई दिए।

आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर उन्हें नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। शुरुआती जांच में खुदकुशी के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, हालांकि साथी पुलिसकर्मियों ने बताया कि आकाश पिछले कुछ दिनों से किसी निजी बात को लेकर काफी मानसिक तनाव में चल रहे थे। मृतक सिपाही के परिवार में उनकी मां और दो भाई हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है।

इटावा में 30 वर्षीय महिला कांस्टेबल प्रियंका ने गवां दी जान

उधर इटावा जिले में पारिवारिक कलह के चलते 30 वर्षीय महिला कांस्टेबल प्रियंका ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी। मूल रूप से सहारनपुर की रहने वाली प्रियंका 2019 में यूपी पुलिस में भर्ती हुई थीं और वर्तमान में इटावा के सैफई थाने में तैनात थीं। प्रियंका पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में अपने बेरोजगार पति रजत और दो छोटे बच्चों के साथ रहती थीं।

इसे भी पढ़ें: जेपीएससी-जेएसएससी धांधली को लेकर छात्रों का मार्च

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर 3 बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद प्रियंका संडे मार्केट में खरीदारी करने चली गई थीं। जब वह घर लौटीं, तो देर से आने को लेकर पति रजत से उनका तीखा विवाद हो गया। विवाद के बाद पति नाराज होकर घर से बाहर चला गया और प्रियंका द्वारा लगातार किए गए फोन कॉल्स का भी कोई जवाब नहीं दिया। जब पति कुछ देर बाद घर वापस लौटा तो प्रियंका बेसुध हालत में पड़ी मिलीं। परिजन और पुलिसकर्मी तत्काल उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पति हिरासत में, एसएसपी ने दिए जांच के आदेश

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव समेत जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतका के पति रजत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों की तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें: मल्लिका शेरावत के साथ क्या गुल खिला रहे हैं लालू के लाल

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...