जेपीएससी-जेएसएससी धांधली को लेकर छात्रों का मार्च, पुलिस की 8वीं बैरिकेडिंग तोड़ विधानसभा की ओर बढ़े

Jharkhand JPSC JSSC Protest

Jharkhand JPSC JSSC Protest: झारखंड की राजधानी रांची सोमवार को युद्धक्षेत्र जैसी स्थिति में तब्दील हो गई है। जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) परीक्षाओं में कथित बड़े पैमाने पर हुई अनियमितताओं के विरोध में हजारों छात्रों का उग्र आंदोलन लगातार जारी है। विधानसभा घेराव के उद्देश्य से सड़कों पर उतरे हजारों आक्रोशित छात्रों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक के बाद एक 8वीं बैरिकेडिंग भी तोड़ डाली और सीधे विधानसभा परिसर की ओर तेजी से कदम बढ़ा दिए हैं। बेकाबू होती भीड़ को रोकने के लिए पुलिस को अंततः वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा, लेकिन प्रदर्शनकारी छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।

मौके पर पुलिस प्रशासन और छात्रों के बीच भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है। जब पुलिस ने छात्रों पर पानी की तेज बौछारें छोड़ीं, तो छात्र भागने के बजाय वाटर कैनन की धार के बीच ही हाथों में तिरंगा लहराते, झूमते और सरकार विरोधी जोरदार नारेबाजी करते दिखे। पुलिस की ओर से लाउडस्पीकर के जरिए लगातार शांति बनाए रखने और आगे न बढ़ने की अपील की जा रही है। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है और पूरे आंदोलन तथा प्रदर्शनकारियों की हर गतिविधि पर ड्रोन कैमरों से पैनी नजर रखी जा रही है।

CBI जांच और परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े

आठवीं बैरिकेडिंग ध्वस्त करने के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों का विशाल समूह कई हिस्सों में बंट गया है। इससे पहले छात्रों ने पुराने विधानसभा परिसर के पास स्थापित पहली बैरिकेडिंग को तोड़ा था और उसके बाद पुलिस के हर रुकावट को उखाड़ फेंकते हुए आगे बढ़ते चले गए। झारखंड के सभी 24 जिलों से बसों, ट्रेनों और निजी गाड़ियों से पहुंचे हजारों छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा, पोस्टर और बैनर लेकर मार्च कर रहे हैं। इनमें से बड़ी संख्या में छात्रों ने कड़ाके के बीच रविवार की पूरी रात जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम और खुले आसमान के नीचे गुजारी थी।

छात्रों की मुख्य मांगों में विवादित 14वीं जेपीएससी (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा समेत अन्य प्रभावित परीक्षाओं को तुरंत रद्द करना, राज्य की पूरी भर्ती प्रक्रिया में व्यापक सुधार लाना और इस पूरे कथित धांधली मामले की केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) से निष्पक्ष जांच कराना शामिल है।

भाजपा नेताओं ने किया CM आवास का घेराव; बाबूलाल मरांडी हिरासत में

उल्लेखनीय है कि रविवार को राज्य सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच आयोजित तीसरे दौर की उच्चस्तरीय वार्ता पूरी तरह बेनतीजा साबित हुई थी। वार्ता विफल होने के तुरंत बाद ही आक्रोशित छात्रों ने सोमवार को पूर्व निर्धारित विधानसभा घेराव को हर हाल में पूरा करने का ऐलान किया था।

इसे भी पढ़ें: मल्लिका शेरावत के साथ क्या गुल खिला रहे हैं लालू के लाल

दूसरी ओर, छात्रों के इस आंदोलन के समर्थन और राज्य सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी मोर्चा खोल दिया। प्रदेश भाजपा ने मुख्यमंत्री आवास के घेराव का आह्वान किया था। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक के बाद पार्टी के विधायक और सैकड़ों कार्यकर्ता सीएम आवास पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान मुस्तैद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए बाबूलाल मरांडी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू समेत कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पूरी राजधानी रांची में विधानसभा और मुख्यमंत्री आवास के चारों तरफ चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात है।

इसे भी पढ़ें: पुलिस ने 648 लापता महिलाओं और लड़कियों को रेड लाइट एरिया से निकाला

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...