राम मंदिर ट्रस्ट में CEO पद की रेस में अमिताभ ठाकुर भी शामिल, प्रशासनिक अनुभव का दिया हवाला

Ram Mandir Trust CEO

Ram Mandir Trust CEO: अयोध्या के विश्वप्रसिद्ध श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने और ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय व अनिल मिश्रा समेत कई प्रमुख पदाधिकारियों के इस्तीफे के बाद, प्रबंधन व्यवस्था में बड़े बदलाव की कवायद शुरू हो गई है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा विज्ञापित मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद के लिए अब उत्तर प्रदेश के चर्चित पूर्व आईपीएस (IPS) अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने भी अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने ट्रस्ट को अपना आधिकारिक आवेदन भेजकर चयन प्रक्रिया में शामिल करने का अनुरोध किया है।

पुलिसिंग व प्रशासनिक अनुभव का दिया हवाला

पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने अपने आवेदन पत्र में सार्वजनिक जीवन और लोक प्रशासन में अपने लंबे और बेदाग अनुभव को मुख्य आधार बनाया है। उन्होंने अपनी योग्यताओं का जिक्र करते हुए लिखा है कि उनके पास भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और सरकारी प्रशासन में लगभग तीन दशकों (30 साल) का लंबा अनुभव है। उन्होंने सुरक्षा प्रबंधन, सतर्कता (विजिलेंस), कानूनी व प्रशासनिक मामलों, कार्मिक प्रशासन और विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय (संस्थागत समन्वय) स्थापित करने में अपनी दक्षता का उल्लेख किया है।

Ram Mandir Trust CEO

श्रीराम के आदर्शों और सामाजिक पृष्ठभूमि का किया जिक्र

अमिताभ ठाकुर ने अपने आवेदन में खुद को हिंदू सामाजिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा हुआ बताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय धार्मिक व दार्शनिक परंपराओं के प्रति उनकी गहरी आस्था है। अमिताभ ने आवेदन में लिखा- भगवान श्रीराम के मर्यादा, न्याय, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण के आदर्शों के प्रति मेरा अतीव सम्मान है। मैंने हमेशा अपने करियर में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी है, और इसी आधार पर मेरी अभ्यर्थिता पर विचार किया जाए।

इसे भी पढ़ें: पीएम मोदी 17 जुलाई को दिखाएंगे देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी

गौरतलब है कि बीते महीने 5 जून को राम मंदिर में चढ़ावे की रकम की चोरी का मामला पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आया था। इस घटना के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति और संतों के बीच भारी उबाल देखा गया। विवाद बढ़ता देख चंपत राय और अनिल मिश्रा ने अपने पदों से त्यागपत्र दे दिया।

इसके बाद राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने ट्रस्ट को प्रबंधन के पूरे ढांचे में आमूलचूल बदलाव करने और किसी अनुभवी सेवानिवृत्त अधिकारी को सीईओ (CEO) नियुक्त करने की सलाह दी थी। इसी सलाह पर अमल करते हुए ट्रस्ट ने सोमवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (X) पर देश भर के योग्य व रिटायर्ड अधिकारियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस पद के लिए प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद योग्य उम्मीदवारों का साक्षात्कार 18 जुलाई को शाम 4 बजे आयोजित किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: अयोध्या राम मंदिर में CEO की नियुक्ति के लिए अधिसूचना जारी

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...