नाव पर महिला-बच्चे संग दिखे राहुल गांधी, गिरिराज सिंह के सवाल पर कांग्रेस ने किया पलटवार
नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की छुट्टियों (वेकेशन) के दौरान ली गई एक तस्वीर को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक जुबानी जंग तेज हो गई है। वायरल तस्वीर में राहुल गांधी एक नाव पर काफी रिलैक्स अंदाज में एक महिला और बच्चे के साथ बैठे नजर आ रहे हैं।
तस्वीर सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसे शेयर करते हुए राहुल गांधी से सीधा सवाल पूछा कि यह फोटो कहां और कब की है तथा उनके साथ दिख रहे लोग कौन हैं। इसके बाद कांग्रेस ने बीजेपी नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए तस्वीर की पूरी सच्चाई देश के सामने रख दी।
कांग्रेस का स्पष्टीकरण और तीखा पलटवार
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने साफ किया कि तस्वीर में दिख रही महिला राहुल गांधी के एक करीबी दोस्त की पत्नी हैं और साथ में उनका बच्चा है। राहुल गांधी अपने दोस्त के परिवार के साथ वेकेशन पर थे और उस वक्त उनके दोस्त खुद फ्रेम में मौजूद नहीं थे। सुप्रिया ने गिरिराज सिंह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि किसी महिला और पुरुष को एक साथ देखकर ऐसी नीच सोच रखना बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अपनी संकुचित मानसिकता को सार्वजनिक बयानबाज़ी पर हावी न होने देने की सलाह दी।
आप लीचड़ किस्म के आदमी हैं, जो महिला-पुरुष को साथ देख कर घटिया ही सोच सकते हैं
तस्वीर में जो महिला और बच्चा हैं वह राहुल जी के मित्र की पत्नी और बच्चा हैं – मित्र फोटो में नहीं हैं – छुट्टी पर सपरिवार साथ थे
महिलायें आप जैसे लिजलिजों के साथ सहज नहीं हैं – कुंठित मत होइए https://t.co/T8Zyx2yPCj
— Supriya Shrinate (@SupriyaShrinate) August 10, 2026
अवी डांडिया और श्रीनिवास बीवी का तंज: इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अवी डांडिया के अनुसार यह तस्वीर अमेरिका के टेक्सास स्थित लेक रे रॉबर्ट्स (Lake Ray Roberts) की है। वहीं, पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने तंज कसते हुए कहा कि उम्र बढ़ने के साथ ज्यादा उत्सुकता ठीक नहीं होती, गिरिराज जी को किसी अच्छे डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें: बीटेक छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में असिस्टेंट प्रो. गिरफ्तार
राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर बीजेपी के पुराने आरोप
राहुल गांधी की यह तस्वीर ऐसे समय में चर्चा में आई है जब बीजेपी लगातार उनकी विदेशी यात्राओं को निशाना बनाती रही है। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सवाल उठाया था कि 22 जून से 13 जुलाई के बीच राहुल गांधी किस देश में थे, किससे मिले और उनकी यात्रा का खर्च किसने उठाया। मई में बीजेपी ने आरोप लगाया था कि 2004 से 2026 के बीच राहुल गांधी ने 54 निजी विदेश यात्राएं कीं, जिन पर अनुमानित 60 करोड़ रुपये खर्च हुए। बीजेपी ने राहुल की घोषित आय (11 करोड़ रुपये) से इसकी तुलना करते हुए विदेशी अंशदान विनियमन कानून (FCRA) के उल्लंघन का अंदेशा जताया था।
इसे भी पढ़ें: पाकिस्तानी पत्रकार ने जेल में इमरान खान की मौत का किया दावा
