बीटेक छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में असिस्टेंट प्रो. गिरफ्तार, MNNIT ने किया निलंबित
Prayagraj News: प्रयागराज स्थित मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT) से गुरु-शिष्य की परंपरा को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। बीटेक तृतीय वर्ष की एक छात्रा ने कंप्यूटर साइंस विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर सौगतो राय पर पढ़ाई में मदद के बहाने अपने आवास पर बुलाकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। छात्रा की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए शिवकुटी थाना पुलिस ने मंगलवार को आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पीड़ित छात्रा ओडिशा की रहने वाली है, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कानूनी और चिकित्सीय प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, छात्रा के परिजनों ने कुछ समय पहले प्रोफेसर से मिलकर बेटी को मार्गदर्शन देने की बात कही थी। आरोप है कि परिजनों के जाने के बाद प्रोफेसर स्नैपचैट के जरिए अनुचित बातें करने लगा और 9 अगस्त को पढ़ाई का हवाला देकर छात्रा को अपने कमरे पर बुलाया। वहां आरोपी ने परीक्षा में फेल करने की धमकी देते हुए छात्रा के साथ दरिंदगी की।
इसे भी पढ़ें: पाकिस्तानी पत्रकार ने जेल में इमरान खान की मौत का किया दावा
मामला उजागर होते ही एमएनएनआईटी प्रशासन में हड़कंप मच गया। संस्थान ने तुरंत प्रभाव से आरोपी शिक्षक को सस्पेंड कर दिया है और बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (BoG) की आपात बैठक बुलाकर उसे नौकरी से बर्खास्त करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना से गुस्साए छात्रों ने परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इसे भी पढ़ें: एली अवराम ने सुनाया कास्टिंग काउच का चौंकाने वाला किस्सा
