पाकिस्तानी मॉडल हुमा सलीम ने मशहूर क्रिकेटर को बताया धोखेबाज, लगाए गंभीर आरोप
Huma Saleem: पाकिस्तानी ग्लैम वर्ल्ड और क्रिकेट गलियारे में इस वक्त एक नया विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान की जानी-मानी मॉडल हुमा सलीम ने देश के एक बेहद लोकप्रिय क्रिकेटर पर गंभीर आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है।
हुमा के इस खुलासे के बाद से ही सोशल मीडिया पर हड़कंप मचा हुआ है और हर कोई यह जानने को बेताब है कि आखिर वो मिस्ट्री क्रिकेटर कौन है, जिसने हुमा को इस कदर परेशान किया। मॉडल ने बिना नाम लिए उस खिलाड़ी को धोखेबाज़, फ़्रॉड और महिलाओं का शोषण करने वाला करार दिया है। हुमा का आरोप है कि इस क्रिकेटर ने उन्हें मानसिक तौर पर पूरी तरह तोड़ दिया है।
View this post on Instagram
हुमा सलीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक लंबी स्टोरी शेयर करते हुए अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने लिखा, मैं यह सब बहुत ही मुश्किल हालातों में लिख रही हूँ। मैं एक ऐसे नामचीन क्रिकेटर का मुखौटा उतारना चाहती हूँ जो असल जिंदगी में धोखेबाज और अय्याश है। आज उसने बर्दाश्त की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। पिछले दो महीनों से मेरा उससे कोई वास्ता नहीं है, फिर भी वह मुझे डरा-धमका रहा है।
मैं जब भी अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने का प्रयास करती हूँ, वह मानसिक तौर पर टॉर्चर करने आ जाता है। कोई भी महिला अपनी प्रतिष्ठा दांव पर नहीं लगाती, जब तक कि पानी सिर से ऊपर न निकल जाए। मैं जल्द ही अपनी लीगल टीम के साथ मिलकर सबूतों के साथ इसका असली चेहरा दुनिया को दिखाऊँगी कि कैसे यह शख्स PCB (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) के पैसों पर होटलों में काली करतूतें करता रहा है।
View this post on Instagram
मॉडल ने खिलाड़ी पर उनका करियर तबाह करने की कोशिश का भी इल्जाम लगाया है। हुमा ने आगे बताया, पहले उसने मेरे परिवार और करीबियों को संदेश भेजे और अब जब मैंने अपने काम पर फोकस करना शुरू किया, तो वह मेरे प्रोफेशन से जुड़े लोगों को मैसेज करके मुझे बदनाम कर रहा है। जब मैं उसके साथ रिलेशनशिप में थी, तब भी मैंने बहुत प्रताड़ना झेली।
इसे भी पढ़ें: अभिनेत्री के समर्थन पर सोशल मीडिया पर भड़के लोग
उसने और उसके परिवार ने मेरी जिंदगी नर्क बना दी। किसी की इज्जत उछालना बेहद घटिया हरकत है। मैं एक बेहद टॉक्सिक रिश्ते में रही और हमेशा चुप रही, पर अब चुप्पी तोड़ने का वक्त आ गया है। वह दुनिया के सामने खुद को बेचारा और मुझे गलत साबित करता है, लेकिन अब मैं हर एक सबूत के साथ उसका पर्दाफाश करूँगी।
फिलहाल हुमा सलीम ने अपने पोस्ट में इस खिलाड़ी के नाम का कोई जिक्र नहीं किया है और न ही कोई सीधा हिंट दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि पाकिस्तान क्रिकेट का यह कौन सा बड़ा चेहरा है जो इस गंभीर विवाद के घेरे में आने वाला है। फैंस और खेल प्रेमी अब उस नाम के आधिकारिक खुलासे का इंतजार कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: गोविंदा फिल्म रूपा से पर्दे पर मचाएंगे तहलका
