MCU में स्ट्रेस मैनेजमेंट पर आयोजन, इमोशनल एक्सपर्ट बोले- शिक्षकों को बच्चों से इमोशनली जुड़ना होगा
Newschuski Digital Desk: भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) के नालंदा पुस्तकालय में स्ट्रेस मैनेजमेंट, डिजिटल वेलबीइंग, डी-एडिक्शन और वैल्यू बेस्ड एजुकेशन विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। प्रजापिता ब्रम्हकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों, शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस मौके पर मुख्य वक्ता, लेखक और इमोशनल एक्सपर्ट हितेश टुटेजा ने आधुनिक जीवनशैली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज का इंसान प्रकृति से काफी दूर हो चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है, तो सबसे पहले हमें खुद को बदलना होगा। खासकर शिक्षकों को लेकर उन्होंने कहा कि अध्यापन के दौरान बच्चों से इमोशनली कनेक्ट होना बेहद जरूरी है। हम जो भी काम करें, उसे बोझ समझकर नहीं बल्कि खुश होकर करें और इसके लिए हमें खुद को अंदर से जानने और पहचानने की जरूरत है।

व्याख्यान के बाद ब्रम्हकुमारीज़ भोपाल की हेमा दीदी ने उपस्थित सभी प्राध्यापकों और अधिकारियों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया, जिससे पूरा माहौल बेहद शांत और सकारात्मक हो गया। इस दौरान ईश्वरीय विश्वविद्यालय से ममता दीदी और नारायण भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में एमसीयू की कुलसचिव प्रो. डॉ. पी. शशिकला और वित्त नियंत्रक राजेश सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संयोजन जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजय द्विवेदी ने किया, जबकि मंच संचालन मीडिया प्रबंधन विभाग के अध्यक्ष प्रो. डॉ. अविनाश वाजपेयी द्वारा किया गया।
इसे भी पढ़ें: सपा विधायक कमाल अख्तर ने मुख्य सचेतक के पद से दिया इस्तीफा
इसे भी पढ़ें: राममंदिर चंदा चोरी ने योगी-मोदी के चुनावी हिंदुत्व को लगाया चूना
