कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके लौट रहे भारत, दिल्ली में करेंगे बड़ा आंदोलन
Newschuski Digital Desk: देश के सियासी और डिजिटल गलियारों में इस समय कॉकरोच जनता पार्टी और उसके संस्थापक अभिजीत दीपके जबरदस्त चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। देश में लगातार हो रहे पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था की नाकामी को मुद्दा बनाकर यह संगठन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा है। इसी बीच, विदेश में बैठे अभिजीत दीपके ने एक नया वीडियो जारी कर भारतीय छात्र राजनीति में हलचल तेज कर दी है। अभिजीत ने एलान किया है कि वे जल्द ही भारत वापस लौट रहे हैं ताकि देश के युवाओं के हक के लिए जमीन पर उतरकर आंदोलन को एक नई धार दी जा सके।
अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किए गए वीडियो में अभिजीत दीपके ने साफ कहा, मेरा भारत लौटने का एकमात्र मकसद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सुनिश्चित करना है। हम लंबे समय से देश के लाखों छात्रों की बर्बादी और पेपर लीक के तनाव में खुदकुशी करने वाले मासूम बच्चों के हक में आवाज उठा रहे हैं, लेकिन सरकार के कान पर जूं नहीं रेंग रही। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों छात्रों के भविष्य को मजाक बना दिया गया है, इसलिए अब घर बैठने का नहीं बल्कि संविधान के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने का वक्त आ गया है।
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके 6 जून को भारत लौटेंगे
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर वे दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे
इसके लिए उन्होंने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें अपने सभी फॉलोअर्स से एयरपोर्ट पहुंचने की अपील की है,
उन्होंने कहा कि… pic.twitter.com/jMRDQJRGt6
— Nation27 (@Nation27Digital) June 1, 2026
6 जून को दिल्ली में जुटेंगे समर्थक
अभिजीत दीपके ने अपने भारत आगमन का पूरा प्लान साझा करते हुए बताया कि वे आगामी 6 जून को सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उन्होंने अपने समर्थकों से हवाई अड्डे पर जुटने की अपील की है, जहां से वे सभी मिलकर सीधे संसद मार्ग (पार्लियामेंट स्ट्रीट) पुलिस स्टेशन जाएंगे। वहां पुलिस प्रशासन से जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन करने की आधिकारिक इजाजत मांगी जाएगी।
इसे भी पढ़ें: यूपी बोर्ड रिजल्ट पर सीएम योगी की लड़कों पर चुटकी
अभिजीत ने वीडियो में अपनी गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए कहा, मेरे परिवार और करीबियों को पूरा डर है कि भारत भूमि पर कदम रखते ही मुझे एयरपोर्ट से ही गिरफ्तार करके जेल भेज दिया जाएगा। इसके बावजूद, मुझे देश के लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उम्मीद है कि हमें शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने का लोकतांत्रिक अधिकार जरूर मिलेगा।
16 मई से शुरू हुआ था युवाओं का यह डिजिटल अभियान
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने देश के युवाओं को एकजुट करने और सरकार की जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से 16 मई, 2026 को इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की थी। हाल के दिनों में प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई प्रशासनिक नाकामियों और बार-बार लीक होते पर्चों के खिलाफ छात्रों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। अब देखना दिलचस्प होगा कि 6 जून को अभिजीत दीपके के भारत कदम रखने के बाद दिल्ली पुलिस और केंद्रीय प्रशासन का इस आंदोलन को लेकर क्या रुख रहता है।
इसे भी पढ़ें: पुरुषोत्तम मास में गूंजेगी श्रीमद्भागवत कथा की अमृत वर्षा, 7 जून से भव्य आयोजन
