लखनऊ में पांच दिवसीय अभिव्यक्ति प्रदर्शिनी का उद्घाटन, 70 कलाकारों की कृतियों ने बांधा समां
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी में कला-प्रेमियों के लिए एक बेहद खास अवसर आया है। राज्य ललित कला अकादमी में मंगलवार को पांच दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी अभिव्यक्ति प्रदर्शिनी का भव्य उद्घाटन वरिष्ठ पत्रकार शरत प्रधान द्वारा किया गया। इस प्रदर्शनी में शहर के लगभग 70 उभरते और प्रतिष्ठित कलाकारों की कलाकृतियाँ प्रदर्शित की जा रही हैं, जिनमें विभिन्न विषयों, सामाजिक सरोकारों, प्रकृति, संस्कृति एवं मानवीय भावनाओं को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया है।
60 से अधिक युवा कलाकारों ने दिखाई अपनी प्रतिभा
प्रदर्शनी में केवल अनुभवी चित्रकारों की ही कृतियाँ नहीं हैं, बल्कि विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 60 से अधिक युवा कलाकारों की कलाकृतियाँ भी दर्शकों के अवलोकन के लिए लगाई गई हैं। इन युवा कलाकारों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों ने उपस्थित कला प्रेमियों और दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। अकादमी परिसर में कला के रंग बिखेरती इन कलाकृतियों को देखने के लिए लोगों की काफी भीड़ उमड़ रही है।

कलाकारों की संवेदनशीलता जीवंत उदाहरण है यह प्रदर्शनी
इस अवसर पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार शरत प्रधान ने युवा चित्रकारों एवं कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्र कलाकारों की संवेदनशीलता, कल्पनाशीलता एवं मेहनत का जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि कलाकारों ने अपने अंतरभावों और सामाजिक चिंतन को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया है।
इसे भी पढ़ें: आचार्य लालमणि पाण्डेय ने ध्रुव, अजामिल, प्रह्लाद और गजेन्द्र के प्रसंग सुनाकर सिखाया भक्ति का सच्चा मार्ग
प्रधान ने आगे कहा, यदि युवा कलाकार इसी समर्पण, मेहनत और लगन के साथ अपने कला-सृजन में निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे, तो निश्चित रूप से आने वाले समय में देश और समाज का नाम रोशन करेंगे तथा कला के क्षेत्र में नया इतिहास रचेंगे।

पांच दिनों तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी
गौरतलब है कि यह प्रदर्शनी आगामी पांच दिनों तक राज्य ललित कला अकादमी में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी। आयोजकों के अनुसार, इस प्रदर्शनी का उद्देश्य नए और युवा कलाकारों को एक मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी कला का प्रदर्शन कर सकें और अनुभवी कलाकारों से भी प्रेरणा ले सकें। कला प्रेमियों के लिए यह एक अनूठा अवसर है, जहां एक ही छत के नीचे विभिन्न विधाओं और भावनाओं की अभिव्यक्ति देखने को मिल रही है।
इसे भी पढ़ें: बांग्लादेश में भारतीय सहायक उच्चायोग में प्रोटोकॉल अधिकारी का शव बरामद
