CBI ने शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या के मुख्य शूटर राजकुमार को UP से किया गिरफ्तार, सामने आई तस्वीर
Newschuski Digital Desk: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर पुलिस के सहयोग से राजकुमार उर्फ राज सिंह नाम के शूटर को दबोचा है। आरोपी की तस्वीर भी सामने आ गई है और उसे मंगलवार को कोलकाता की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा।
मेन शूटर है राजकुमार, अब तक साफ नहीं हुआ मोटिव
सीबीआई सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड में सबसे अहम भूमिका इसी राजकुमार की है और उसे मुख्य शूटर बताया जा रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे का मूल कारण और साजिश अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। फिलहाल एजेंसी इस मामले में गहनता से जांच कर रही है।

अब तक चार गिरफ्तारियां, तीन पहले से हैं सीबीआई कस्टडी में
इस हत्याकांड में पश्चिम बंगाल पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जो 23 मई तक सीबीआई की कस्टडी में हैं। अब सीबीआई ने एक और गिरफ्तारी की है। इस मामले में अब तक कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
6 मई की रात को हुई थी सनसनीखेज हत्या
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के ठीक दो दिन बाद, 6 मई की रात को यह सनसनीखेज वारदात हुई थी। चंद्रनाथ रथ उत्तरी 24 परगना जिले के मध्यग्राम स्थित अपने घर में एक पार्टी कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इसे भी पढ़ें: तालिबान का फरमान, अब कुंवारी लड़कियों की चुप्पी को माना जाएगा शादी के लिए हां
शुरुआती जांच में सामने आया था कि जब चंद्रनाथ रथ की गाड़ी एक चारपहिया वाहन से टकराकर रुकी, तो काफी देर से उसका पीछा कर रहे दो मोटरसाइकिलों में से एक रथ की गाड़ी के बगल में आकर रुक गई। उसी मोटरसाइकिल पर सवार हमलावर ने निकट से करीब 10 गोलियां चलाईं। रथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, बेरा की हालत में अब तेजी से सुधार हो रहा है और वह खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। इस हत्याकांड ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को हिलाकर रख दिया था और राज्य सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे सीबीआई को ट्रांसफर कर दिया था। अब सीबीआई लगातार इस मामले में नए-नए खुलासे कर रही है।
इसे भी पढ़ें: बंगाल में चुनावोत्तर हिंसा पर शुरू हुई कार्रवाई, CID ने 458 नई जांच शुरू कीं
