मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के 7 दिन बाद आया CCTV फुटेज, छत पर जाते और पति को शव लाते दिखा

Twisha Sharma Death Case

भोपाल: एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत का मामला हर गुजरते दिन के साथ उलझता जा रहा है। मौत के सात दिन बाद अब उनके आखिरी सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिन्होंने इस मामले में नया ट्विस्ट पैदा कर दिया है। एक 11 सेकंड के वीडियो में ट्विशा छत पर जाती हुई दिख रही हैं, वहीं दूसरे 2 मिनट 16 सेकंड के फुटेज में उनके पति और दो अन्य लोग उन्हें सीढ़ियों से नीचे लाते हुए नजर आ रहे हैं। सीसीटीवी में यह भी दिखा है कि सीढ़ियों पर ट्विशा को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया गया था।

ट्विशा के ससुराल वालों के अनुसार, 11 मई की शाम वह ब्यूटी पार्लर से तैयार होकर घर लौटी थी। इसी दौरान उनकी मां का फोन आया। बातचीत करते हुए वह घर की छत पर चली गई। कुछ देर बाद कॉल अचानक कट गया। रात करीब साढ़े दस बजे ट्विशा घर की छत पर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे फंदे से लटकी मिलीं। उनके पति समर्थ सिंह ने पड़ोसियों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रीटायर्ड जज सास का बड़ा दावा, ट्विशा थी ड्रग एडिक्ट

ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह ने अपनी एंटीसिपेटरी बेल याचिका में चौंकाने वाले दावे किए हैं। उन्होंने ट्विशा को ड्रग्स की आदी बताया है। आरोप के अनुसार, अगर उन्हें नशा नहीं मिलता था तो उनके हाथ कांपने लगते थे। सास ने यह भी कहा कि गर्भवती होने के बाद ट्विशा का व्यवहार बदल गया था, वह 17-18 अप्रैल के बीच लापता हो गई थी और ड्रग्स की अधिक मात्रा के कारण उन्होंने गर्भपात कराया था। उनके मुताबिक, ट्विशा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह मनोवैज्ञानिक से इलाज करा रही थीं।

परिजनों ने लगाया सबूतों से छेड़छाड़ का आरोप

वहीं, ट्विशा के माता-पिता इन सभी दावों को पूरी तरह से मनगढ़ंत बता रहे हैं। उनका आरोप है कि यह एक हाई-प्रोफाइल मामला है और सबूतों से छेड़छाड़ की जा रही है। ट्विशा के पिता ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी सवाल उठाया है। उनका कहना है कि जो बेल्ट ट्विशा के गले में मिली थी, उसके निरीक्षण के बिना ही पोस्टमार्टम कर दिया गया। पुलिस ने भी इसे जांच में एक गंभीर चूक माना है।

Twisha Sharma Death Case

पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत खारिज

फिलहाल, ट्विशा के पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत खारिज हो चुकी है और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए सक्रिय है। पुलिस ने समर्थ सिंह की जानकारी देने वालों पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ग्लैमर की दुनिया से आने वाली ट्विशा वाकई ड्रग एडिक्ट थीं या फिर मामले को कमजोर करने के लिए यह थ्योरी गढ़ी जा रही है?

इसे भी पढ़ें: CBI ने शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या के मुख्य शूटर राजकुमार को UP से किया गिरफ्तार

एसआईटी गठित, एसीपी के नेतृत्व में जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल पुलिस ने एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। एसीपी रजनीश कश्यप की अगुवाई में बनाई गई इस टीम में महिला पुलिसकर्मियों समेत छह अधिकारी शामिल हैं। जांच के कई पहलुओं पर काम किया जा रहा है।

पांच माह पहले हुई थी शादी, डेटिंग ऐप पर हुई थी मुलाकात

बता दें कि 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। उन्होंने एमबीए की पढ़ाई की थी और दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करती थीं। शादी से पहले वह तेलुगु फिल्मों और मॉडलिंग की दुनिया में भी काम कर चुकी थीं। एक डेटिंग ऐप पर उनकी मुलाकात समर्थ सिंह से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दिसंबर 2025 में परिवार की सहमति से उनकी शादी हुई। शादी के महज पांच महीने बाद ही ट्विशा की मौत ने इस केस को रहस्य और विवादों के घेरे में डाल दिया है।

इसे भी पढ़ें: बंगाल में चुनावोत्तर हिंसा पर शुरू हुई कार्रवाई, CID ने 458 नई जांच शुरू कीं

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...