गाजियाबाद: यूपी विधानसभा चुनाव का अंतिम चरण भी साकुशल संपन्न हो गया है। ऐसे में अब लोगों में 10 मार्च को लेकर बेसब्री देखी जा रही है। अब तक प्रत्याशी की जीत-हार का आकलन करने वाले अब प्रदेश में किसकी सरकार बन रही है, इसकी गुत्थी सुलझाने में जुट गए हैं। गाजियाबाद जिले में छह विधानसभा सीटें हैं। यहां सभी सीटों का अपना इतिहास रहा है। यहां की सभी सीटों पर बीजेपी का कब्जा है। वहीं इस बार भी बीजेपी सभी सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है। यूपी विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गाजियाबाद में मतदान संपन्न हो गया है। अब सबकी निगाहें 10 मार्च को आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हुई हैं।

53- लोनी विधानसभा सीट

गाजियाबाद जिले की लोनी विधानसभा सीट की पहचान यहां का पिछड़ापन बन गया है। दिल्ली से सटे होने के बावजूद भी यह क्षेत्र काफी पिछड़ा है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में यहां से बीजेपी प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर ने जीत हासिल की थी। लेकिन इस बार यहां कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के प्रदर्शन का असर साफ दिख रहा है। बीजेपी ने विधायक नंदकिशोर गुर्जर पर भरोसा जताते हुए एकबार फिर यहां से प्रत्याशी बनाया है। वहीं उनके सामने सपा-राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन प्रत्याशी मदन भैया ताल ठोंक रहे है। जबकि बसपा से हाजी आकिल व कांग्रेस से यामीन मलिक मैदान में हैं।

सियासी इतिहास

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर ने मदन भैया को हराकर विधायक बने थे।वर्ष 2012 के चुनाव में यहां से बसपा की जती हुई थी। बसपा प्रत्याशी जाकिर अली ने रालोद प्रत्याशी मदन भैया को हराया था।

जातीय समीकरण

लोनी सीट पर गुर्जर, त्यागी, मुस्लिम वोटबैंक हार-जीत में अहम भूमिका निभाते हैं।

मतदाता

कुल मतदाता- 4,56534
पुरुष- 2,59,532
महिला- 1,96,979

इसे भी पढ़ें: सोनभद्र में सपा ने बढ़ाई बीजेपी की मुश्किल

54- मुरादनगर विधानसभा सीट

गाजियाबाद जिले में मुरादनगर सीट पर लंबे समय से एक ही परिवार का वर्चस्व चला आ रहा है। वर्ष 2017 के चुनाव में बीजेपी के अजीत पाल त्यागी चुनाव जीते थे। उन्हें 140759 (55.75 प्रतिशत) वोट मिले थे, जबकि दूसरे नंबर पर रहे बसपा के सूधन कुमार को 51147 (20.26 प्रतिशत) वोट हासिल हुए थे। कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंदर प्रकाश तीसरे नंबर पर रहे, उन्हें कुल 49989 (19.80 प्रतिशत) वोट मिले थे। वहीं आरएलडी के अजय पाल चौथे स्थान पर रहे, उन्हें 6648 वोट मिले थे। वर्ष 2017 में मुरादनगर में कुल 55.52 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। बीजेपी ने इस बार अजीत पाल त्यागी को प्रत्याशी बनाया है, तो वहीं सपा-आरएलडी गठबंधन ने सूरेंद्र कुमार मुन्नी और बसपा ने हाजी अयूब ईदरीसी को मैदान में उतारा है। बता दें कि मुरादनगर की राजनीति में तीन दशकों से राजपाल त्यागी परिवार के इर्द-गिर्द घूम रही है। दशकों से राजनीति में सक्रिय राजपाल त्यागी यहां से 6 बार विधायक चुने गए हैं। कांग्रेस से राजनीति का सफर शुरू करने वाले निर्दलीय व सपा के टिकट से भी चुनाव लड़ चुके हैं।

सियासी इतिहास

वर्ष 2012 के चुनाव में राजपाल त्यागी को बसपा के वहाब चौधरी ने हराया था।वर्ष 2017 में राजपाल के बेटे अजीत पाल त्यागी ने बीजेपी के टिकट पर यहां से जीत दर्ज की।

जातिगत समीकरण

मुरादनगर में करीब 70 फीसदी आबादी हिंदू है। यहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या 25 फीसदी के करीब है। इस सीट पर दलित और मुस्लिम वोटर्स निर्णायक भूमिका में हैं। ब्राह्मण, वैश्य, गुर्जर, ठाकुर, पंजाबी और यादव वोटरों की संख्या अच्छी खासी है।

मतदाता

कुल मतदाता- 4,53,977
पुरुष- 2,45,261
महिला- 2,08,684
थर्ड जेंडर- 32

इसे भी पढ़ें: मिर्जापुर में सब पर भारी पड़ रहा कमल

55- साहिबाबाद विधानसभा सीट

गाजियाबाद जिले की साहिबाबाद सीट को उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी विधानसभा सीट के रूप में जाना जाता है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी सुनील कुमार शर्मा को यहां बंपर वोटों से जीत हासिल हुई थी। उन्होंने कांग्रेस के अमरपाल को 1.50 लाख वोटों के अंतर से हराया था। बीजेपी ने इस सीट पर भी अपने विधायक सुनील कुमार शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने संगीता त्यागी को प्रत्याशी बनाया है, वहीं सपा ने बहुचर्चित गजेंद्र भाटी हत्याकांड के आरोपी अमरपाल शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। जबकि बसपा ने मेरठ मंडल के सेक्टर प्रभारी अजीत कुमार पाल को मैदान में उतारा है।

सियासी इतिहास

वर्ष 2012 के चुनाव में बसपा के अमरपाल ने यहां से चुनाव जीता था।वर्ष 2017 के चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी सुनील कुमार शर्मा ने जीत दर्ज की थी।

जातिगत समीकरण

साहिबाबाद सीट पर ब्राह्मण, वैश्य, दलित, मुस्लिम और ठाकुर मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा हैं।

मतदाता

कुल मतदाता- 10,12,154
पुरुष- 5,71,503
महिला- 4,40,594
थर्ड जेंडर- 57

इसे भी पढ़ें: भदोही में विपक्ष पर भारी है बीजेपी

56- गाजियाबाद विधानसभा सीट

गाजियाबाद विधानसभा सीट पर बीजेपी और बसपा के बीच हमेशा कड़ी टक्कर देखने को मिलती रहती है। गाजियाबाद को प्रदेश के औद्योगिक एरिया भी कहा जाता है। गाजियाबाद काफी चर्चित शहर है, यहां पर बॉलीवुड में कई फिल्में भी बन चुकी हैं। वर्ष 2017 के चुनाव में बीजेपी के अतुल गर्ग ने यहां से बड़ी जीत दर्ज की थी। उन्होंने बसपा प्रत्याशी सुरेश बंसल को हराकर इस सीट पर कब्जा जमाया था। बीजेपी ने यहां से फिर अतुल गर्ग को प्रत्याशी बनाया है। वहीं बसपा से कृष्ण कुमार, सपा से विशाल वर्मा, कांग्रेस से सुशांत गोयल और आम आदमी पार्टी से निमित मैदान में हैं।

सियासी इतिहास

वर्ष 2017 के चुनाव में बीजेपी से अतुल गर्ग जीत हासिल की।
वर्ष 2012 के चुनाव में बसपा के सुरेश बंसल यहां से विधायक चुने गए थे।
वर्ष 2007 के चुनाव में बीजेपी के सुनील कुमार शर्मा जीते थे।

जातिगत समीकरण

इस सीट पर मुस्लिम और दलितों के बीच सियासी गठजोड़ देखने को मिलता है। यहां ब्राह्मण, वैश्य और दलित मतदाताओं की संख्या भी ठीकठाक है।

मतदाता

कुल मतदाता- 4,69,505
पुरुष- 2,58,547
महिला- 2,10,934
थर्ड जेंडर- 24

इसे भी पढ़ें: कानपुर देहात में बीजेपी को मिल रही कड़ी टक्कर

57- मोदीनगर विधानसभा सीट

गाजियाबाद जिले की मोदीनगर विधानसभा सीट की स्थापना वर्ष 1933 में रायबहादुर गूजर मल मोदी ने चीनी मिल के शुभारंभ के दौरान की थी। उन्होंने ही इस क्षेत्र का नाम मोदीनगर कर दिया था। मेरठ और गाजियाबाद शहर की दूरी यहां से करीब करीब बराबर है। वर्तमान में इस सीट पर बीजेपी की डॉ. मंजू सिवाच का कब्जा है। बीजेपी ने डॉ. मंजू शिवाच को इसबार भी प्रत्याशी बनाया है। जबकि उनके सामने सपा-आरएलडी गठबंधन से सुदेश शर्मा हैं। माना जा रहा है कि मोदीनगर सीट पर मुख्य लड़ाई इन्हीं दोनों प्रत्याशियों के बीच में है। उधर बसपा ने डॉ. पूनम गर्ग को और आम आदमी पार्टी ने हरिंद्र शर्मा को मैदान में उतारा है।

सियासी इतिहास

कांग्रेस और जनता दल के टिकट पर सुखबीर सिंह गहलोत (1980, 1989 और 1991) यहां से तीन बार विधायक चुने गए थे।
बीजेपी के नरेंद्र ‌सिंह सिसोदिया (1993, 1996 और 2002) भी यहां से तीन बार चुनाव जीत चुके हैं।
वर्ष 2007 में बसपा के मास्टर राजपाल ‌सिंह यहां जीत दर्ज की थी।
वर्ष 2012 में आरएलडी के सुरेश शर्मा यहां से विधायक चुने गए थे।
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी डॉ. मंजू सिवाच यहां से विधायक चुनी गईं।

जातिगत समीकरण

मोदीनगर सीट पर जाट और गुर्जर मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा है। अन्य पिछड़ा वर्ग, एससी/एसटी मतदाता भी चुनाव में अहम रोल निभाते हैं।

मतदाता

कुल मतदाता-3,31,211
पुरुष मतदाता-1,78,491
महिला मतदाता-1,52,684
अन्य- 36

इसे भी पढ़ें: सिद्धार्थनगर में साइकिल रेस लगाने को तैयार

Spread the news