दिल्ली के सत्य निकेतन में 5 मंजिला बॉयज पीजी समेत ढहीं दो इमारतें, 2 की मौत, कई फंसे

Satya Niketan Accident

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम स्थित सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया, जहां दो इमारतें अचानक भरभराकर ज़मींदोज़ हो गईं। ढहने वाली इमारतों में से एक 5 मंजिला इमारत थी, जिसमें छात्रों का बॉयज पीजी (PG) चल रहा था। हादसा होते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग, एनडीआरएफ (NDRF) और आपातकालीन एंबुलेंस सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।

बचाव अभियान जारी, 6 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

घटनास्थल पर चलाए जा रहे त्वरित राहत एवं बचाव अभियान के तहत रेस्क्यू टीमों ने अब तक मलबे में दबे 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। वहीं, हादसे में 2 व्यक्ति की मौत होने की खबर है। स्थानीय निवासियों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब यह हादसा हुआ तब इमारत के भीतर करीब 25 से 30 छात्र मौजूद थे। हालांकि, प्रशासन की ओर से मलबे के अंदर फंसे लोगों की सटीक संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

दोपहर 1:34 बजे मिली थी सूचना

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इमारत गिरने की पहली सूचना दोपहर करीब 1:34 बजे पीसीआर (PCR) कॉल के माध्यम से मिली थी। इसके तुरंत बाद ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ दमकल की कई गाड़ियां और एनडीआरएफ के बचाव दल घटनास्थल पर तैनात कर दिए गए। राहतकर्मी भारी उपकरणों की मदद से मलबे को बेहद सावधानी से हटाकर अंदर फंसे अन्य लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।

इसे भी पढ़ें: इंसानी गतिविधियों से भी तेजी से पिघल रहा है खुम्बु ग्लेशियर

स्थिति पर रखी जा रही नजर

हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने घटनास्थल के आसपास के पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवाजाही को पूरी तरह नियंत्रित किया जा रहा है, ताकि राहत कार्यों में कोई बाधा न आए। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता मलबे में दबे हर व्यक्ति को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाना है।

इसे भी पढ़ें: स्वरा भास्कर पर अनिरुद्धाचार्य का तीखा पलटवार

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...