शिवा शर्मा मामले में श्रद्धा दुबे और 3 आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ ला रही STF, बॉयफ्रेंड आमिर भी हिरासत में

Shraddha Dubey Arrest

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चर्चित युवा व्यापारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मुख्य आरोपी और मॉडल श्रद्धा दुबे की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। नागपुर जिला अदालत से श्रद्धा दुबे समेत तीन आरोपियों को 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिल चुकी है, जिसके बाद यूपी एसटीएफ (STF) तीनों को सड़क मार्ग से लखनऊ लेकर रवाना हो गई है। इस बीच, पुलिस ने श्रद्धा के बॉयफ्रेंड आमिर को भी हिरासत में ले लिया है, जिसने फरार होने के दौरान उसकी मदद की थी।

नागपुर से सड़क मार्ग लाए जा रहे आरोपी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नागपुर जिला कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद यूपी एसटीएफ की टीम मॉडल श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को लेकर लखनऊ के लिए आ रही है। शुरुआत में इन्हें फ्लाइट से लाने की योजना थी, जिसे बाद में बदलकर सड़क मार्ग से लाया जा रहा है। आरोपियों को गुरुवार यानी कल लखनऊ की स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।

Shraddha Dubey

बॉयफ्रेंड आमिर पर भी कसा शिकंजा

इस हाई-प्रोफाइल मामले में श्रद्धा दुबे के मददगारों पर भी पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। लखनऊ पुलिस ने श्रद्धा के बॉयफ्रेंड आमिर को हिरासत में ले लिया है। जांच में सामने आया है कि 9 अक्टूबर की रात को वारदात के बाद श्रद्धा लखनऊ से उसी के साथ भागी थी और आमिर ने ही उसे नेपाल बॉर्डर तक सुरक्षित छोड़ा था। इतना ही नहीं, आमिर ने ही श्रद्धा को एक फर्जी आईडी पर लिया गया सिमकार्ड भी मुहैया कराया था। फिलहाल पुलिस आमिर से हिरासत में पूछताछ कर रही है ताकि अन्य सहयोगियों और इस पूरी वारदात की तह तक पहुंचा जा सके।

पूछताछ में सहयोग नहीं कर रही श्रद्धा

सूत्रों का कहना है कि पुलिस कस्टडी में हुई शुरुआती पूछताछ के दौरान श्रद्धा दुबे ने एसटीएफ और लखनऊ पुलिस का बिल्कुल सहयोग नहीं किया और पुलिस के तीखे सवालों पर टालमटोल भरे तथा असंतोषजनक जवाब दिए।

इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में उतरा करंट, 3 की मौत 

बता दें कि कुछ दिनों पहले लखनऊ में युवा व्यापारी शिवा शर्मा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। सामने आए एक सीसीटीवी फुटेज में शिवा को एक बिल्डिंग से नीचे गिरते हुए देखा गया था। इस मामले में मृतक शिवा की मां ने मॉडल श्रद्धा दुबे और उसके साथियों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। घटना के बाद से ही श्रद्धा और उसके सभी साथी फरार चल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी पर पहले 25 हजार और बाद में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अंततः पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्रद्धा और उसके साथियों को नागपुर से धर दबोचा था। शिवा की मां का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि एक सोची-समझी हत्या है, जिसे श्रद्धा और उसके सहयोगियों ने अंजाम दिया है।

इसे भी पढ़ें: भारत के वे ऐतिहासिक जन-आंदोलन, जिन्होंने बदल दी देश की राजनीति

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...