टीवी अभिनेत्री संचिता उगले ने की आत्महत्या, नालासोपारा के घर में मिला शव, पुलिस ने दर्ज किया मामला
Sanchita Ugale Death: टेलीविजन जगत की उभरती अभिनेत्री संचिता उगले की मौत की खबर ने मनोरंजन जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। 22 वर्षीय अभिनेत्री ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। यह दुखद घटना 14 जून की शाम को नालासोपारा पूर्व के आचोले गांव स्थित साईं संतोषी बिल्डिंग स्थित उनके निवास पर घटी।
बेडरूम में बंद करके लगाई फांसी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, संचिता ने अपने बेडरूम में अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और सीलिंग फैन से साड़ी के सहारे फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों ने उन्हें तुरंत वसई-विरार म्युनिसिपल हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आचोले पुलिस स्टेशन के एएसआई विनोद बाघ ने बताया कि संचिता ने शाम 7 बजे से 7:30 बजे के बीच यह कदम उठाया।
पुलिस ने दर्ज किया ADR का मामला
पुलिस को सूचना मिलने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका के पिता मछिंदा उगले की शिकायत के आधार पर 15 जून को आचोले पुलिस स्टेशन में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु (एडीआर) का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आत्महत्या के पीछे का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है और हर संभव पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आएगी।
कुमकुम भाग्य और वागले की दुनिया से मिली थी पहचान
संचिता उगले धीरे-धीरे टेलीविजन इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना रही थीं। उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता जी टीवी के सीरियल ‘कुमकुम भाग्य’ में ‘दिया टंडन’ की भूमिका निभाने से मिली। यह शो उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। संचिता ने एक साक्षात्कार में बताया था कि इस शो ने उन्हें न केवल पहचान दी, बल्कि उनके परिवार का भी पूरा समर्थन मिला। ‘कुमकुम भाग्य’ के अलावा, उन्होंने लोकप्रिय सिटकॉम ‘वागले की दुनिया’ में रुचिता जेटली का किरदार भी निभाया। बाद में वह दंगल टीवी के शो ‘दिलवाली दुल्हा ले जाएगी’ में मुख्य भूमिका ‘सुकून’ के रूप में नजर आईं।
इसे भी पढ़ें: जेल से बाहर आई अभिनेत्री का खुलासा, बोलीं- चार महीने में 27 बार किया गया नंगा
छावा और साइलेंस 2 में भी दिख चुकी हैं निखार
टेलीविजन के साथ-साथ संचिता ने फिल्मों और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विक्की कौशल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘छावा’ में उन्होंने तारा रानी के छोटे वर्जन की भूमिका निभाई। इसके अलावा, मनोज बाजपेयी अभिनीत ‘साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट’ फिल्म में भी उनकी अहम भूमिका रही। उनके निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर है और फैंस भी गहरे दुखी हैं।
इसे भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: ऑटो ड्राइवर से चंपत राय का राइट हैंड बनने वाले टिन्नू यादव पर हेराफेरी का आरोप
